सुक्खू के समर्थन में उतरे आधा दर्जन विधायक और चार पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष

हिमाचल कांग्रेस नेताओं वीरभद्र सिंह और सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बीच जुबानी जंग कुछ थमी तो इसके बाद अब इन दोनों के समर्थक नेताओं में घमासान मच गया है। जहां सोमवार को पूर्व मंत्रियों समेत 11 कांग्रेस विधायकों ने सुक्खू पर जुबानी हमला बोला, वहीं मंगलवार को सुक्खू के समर्थन में आधा दर्जन विधायकों समेत कांग्रेस के चार प्रदेशाध्यक्ष भी आ गए। इनके अलावा पूर्व मंत्री और कुछ पूर्व विधायक भी सुक्खू के साथ खड़े हो गए हैं। कांग्रेस के इन नेताओें ने कहा है कि सुक्खू का कार्यकाल बेहतरीन रहा है और उन्होंने पार्टी को मजबूती दी है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सूक्खू के समर्थन में पूर्व पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विद्या स्टोक्स, विप्लव ठाकुर, कौल सिंह ठाकुर, कुलदीप कुमार, पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार के  अलावा छह विधायक रामलाल ठाकुर, हर्षवर्द्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह, लखविंद्र राणा, सुंदर सिंह ठाकुर, सतपाल रायजादा, एआईसीसी सचिव राजेश धर्माणी, राकेश कालिया, पूर्व सीपीएस सोहन लाल, पूर्व विधायक अजय महाजन, किशोरी लाल, रवि ठाकुर और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी सुक्खू के पक्ष में आ गए हैं। 

उन्होंने कहा है कि बतौर अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू का कार्यकाल सराहनीय रहा है। इन नेताओं ने कहा कि पार्टी एकजुट है और लोकसभा चुनाव में भाजपा को पटखनी देगी। इन नेताओं ने मंगलवार को शिमला में जारी बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी वास्तव में ही धरातल पर मजबूत हुई है। सुक्खू के कार्यकाल में युवाओं को उचित जिम्मेदारी के साथ अनुभवी नेताओं को पूरी तवज्जो मिली है। सूक्खू को हटाया नहीं गया, वह चार महीने पहले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल को इस्तीफे की पेशकश कर चुके थे।

बदलाव एक सहज प्रक्रिया है, उसी के अनुरूप कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया है। चारों पूर्व प्रदेशाध्यक्षों ने हर नेता और उनसे जुड़े कार्यकर्ताओं को संयम बरतने के साथ ही कोई भी बयान सोच-समझकर देने की सलाह दी है। विधायकों और पूर्व विधायकों ने कहा कि सुक्खू ने पार्टी की सेवा जी जान से की है। संगठन को प्रदेश मेें बूथ तक नए सिरे से खड़ा किया। संगठन में नई जान फूंकी गई है। भाजपा के हर जनविरोधी कदम पर सभी विधायकों को साथ लेकर विशाल धरने-प्रदर्शन किए। 

More videos

See All