झारखंड के खाते में बड़ी उपलब्धि, उज्जवला योजना में दूसरे सिलेंडर का रिफिल मुफ़्त देनेवाला पहला राज्य

 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन झारखंड के खाते में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ी। रक्षाबंधन पर किया गया वादा निभाकर यह राज्य देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत दूसरे सिलेंडर का रिफिल भी मुफ़्त होगा। झारखंड के खाते में पहले से यह उपलब्धि दर्ज है कि यहां योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर के साथ चूल्हा भी मुफ्त मिलता है।
शुक्रवार को राज्य के कोल्हान प्रमंडल के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा से दूसरे सिलेंडर को रिफ‍िल कराने की योजना शुरुआत हुई। टाटा कॉलेज चाईबासा परिसर में उज्ज्वला दीदी के कोल्हान प्रमंडलीय सम्मेलन में डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरण का कार्य शुरू हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी उपस्थित रहे।
प्रधान ने सांकेतिक रूप से पांच महिलाओं को लाभ दिया। इसके साथ ही खाते में पैसा पहुंचना शुरू हो गया। मौके पर धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश के हर कोने में हर नागरिक तक घर, गैस और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की पहुंच हो। हमारा प्रयास उनके इस सपने को जल्द से जल्द हकीकत में तब्दील करने का है जिससे लोगों के अर्थिक और सामाजिक विकास की नई संभावनाएं प्रशस्त होंगी।
झारखंड को मिल रहा डबल इंजन सरकार का फायदा
उन्होंने कहा कि झारखंड को डबल इंजन सरकार का फायदा मिल रहा है। नरेंद्र मोदी और रघुवर दास की डबल इंजन सरकार विकास की दिशा में युद्धस्तर पर काम कर रही है। जल्द ही झारखंड के तेरह जिलों में लोगों के घरों में पाइप से गैस पहुंचना शुरू हो जाएगी। रांची से इसकी शुरुआत हुई है। अब जमशेदपुर की बारी है। डेढ साल में चाईबासा के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।
 

More videos

See All