बीरेंद्र बोले- हुड्डा से कहा है नई पार्टी बनाने से अच्छा भाजपा आना, दीपेंद्र ने कहा- विचारधारा नहीं मिलती

 राज्यसभा सदस्य चौ. बीरेंद्र सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बारे में सोमवार को बड़ा सियासी बयान दिया। बीरेंद्र ने कहा कि हुड्डा को राजनीति में वही लेकर आए थे। दो बार मुख्यमंत्री बनने के बाद वह बड़े नेता बन चुके हैं। अब वह 18 अगस्त को रोहतक में महापरिवर्तन रैली करने जा रहे हैं।
उन्होंने हुड्डा से कहा है कि कांग्रेस छोड़कर नई पार्टी मत बनाना। जिस भी पूर्व मुख्यमंत्री (बंसीलाल, भजनलाल का नाम लिए बगैर) ने कांग्रेस छोड़कर अपनी नई पार्टी बनाई है, उनका सियासत से बोरिया बिस्तर बंध गया। फिर भी कांग्रेस छोडऩे का इरादा बने तो भाजपा में आ जाना। खुद की पार्टी बनाई तो वही हाल होगा, जो दूसरे नेताओं का हुआ है। वहीं, भाजपा में जाने के सवाल पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि उनसे विचारधारा नहीं मिलती।
शाह की रैली का जायजा लेने जींद पहुंचे बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने भी 1996 में कांग्रेस छोड़कर तिवासी कांग्रेस बनाई थी। तब कांग्रेस बहुत ज्यादा बदनाम हो चुकी थी, फिर भी लोगों ने तिवारी कांग्रेस की बजाय कांग्रेस को ही वोट दिए। बीरेंद्र ने कहा कि नया दल बनाने और उसे खड़ा करने में बहुत समय लगता है। एक दिन पहले जजपा-बसपा गठबंधन के बारे में कहा कि उनके पल्ले कुछ नहीं है। इन दलों में अकेले लड़ने की ताकत नहीं बची है, इसलिए गठबंधन करते फिर रहे हैं।
बीरेंद्र ने कहा कि प्रदेश के ज्यादातर बड़े नेता भाजपा में आ चुके हैं। इसलिए विधानसभा चुनाव में भाजपा बड़ी जीत का इतिहास रचेगी। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के लिए जगह नहीं बची है। फिर भी वह चाहते हैं कि विपक्ष को 10-15 सीट तो मिलनी ही चाहिए। विपक्ष का खत्म होना भी लोकतंत्र के लिए शुभ नहीं है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान हजारों नए साथियों ने भाजपा को ज्वाइन किया है। इन नए साथियों के जो फार्म भरे गए हैं, उनका वजन 90 किलो से ज्यादा हो गया है। आस्था रैली में शाह को इन फार्मों के बराबर तौलेंगे। जिलेभर से ये फार्म एकत्र कर लिए गए हैं।
बीरेंद्र सिंह के बयान पर जब पूर्व सांसद दीपेंद्र हुड्डा से बातचीत की गई तो उन्होंने इसे तवज्जो नहीं दी। नई पार्टी बनाने के सवाल पर दीपेंद्र ने कहा कि आगे की जो भी रणनीति होगी, उसका ऐलान महापरिवर्तन रैली में ही किया जाएगा। पूरे प्रदेशभर से लोग रैली में पहुंचेंगे। भाजपा में जाने के सवाल पर दीपेंद्र ने कहा कि उनसे विचारधारा नहीं मिलती।

More videos

See All