कांग्रेस का हाथ झटक हाथी पर चढ़े भास्कर, टुंडी से लड़ेंगे चुनाव

कांग्रेस नेता भास्कर ओझा हाथी पर सवार हो गए हैं। वह बसपा के टिकट पर टुंडी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। बसपा नेताओं ने पार्टी में ओझा का स्वागत किया है।
भास्कर ओझा ने कांग्रेस के टिकट पर 2014 में टुंडी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। पूरे देश की तरह झारखंड में भी कांग्रेस के खिलाफ माहाैल है। कांग्रेस नेताओं को अपना भविष्य अंधकारमय दिख रहा है। दूसरी तरफ झामुमो के साथ गठबंधन होने पर टुंडी विधानसभा सीट कांग्रेस के हिस्से नहीं आएगी। इसे देख ओझा कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद बसपा में शामिल हो गए हैं। हालांकि झारखंड में बसपा का कोई प्रभावी जनाधार नहीं है। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष सुबल दास ने रविवार को लटानी में भास्कर ओझा के पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। सुबल ने कहा कि शनिवार को बसपा प्रदेश कार्यालय रांची में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भास्कर ने पार्टी की सदस्यता ली। सुबल ने कहा कि बसपा झारखंड की सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके पूर्व आंबेडकर क्लब लटानी के युवाओं ने भास्कर ओझा का जोरदार स्वागत किया। अध्यक्षता जितेंद्र दास व संचालन जिला महासचिव सुनील कुमार रविदास ने की। धन्यवाद ज्ञापन श्यामदेव दास ने किया। मौके पर विकास तिवारी, श्रीराम मंडल, निरंजन दास, दिलीप मंडल, शेख शाबिर, सुभाष रविदास, नीलकमल रविदास, बलदेव बाउरी, सुचित बाउरी आदि उपस्थित थे।

More videos

See All