राजद का सदस्यता अभियान शुरू, नदारद रहे तेजस्वी यादव, रामचंद्र पूर्वे ने कही ये बात

राजद का देशव्यापी सदस्यता अभियान नौ अगस्त से शुरू हो गया, जो 10 अक्तूबर तक चलेगा. सदस्यता अभियान के शुभारंभ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में  लालू परिवार के कोई भी सदस्य शामिल नहीं हुए. विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की राह भी पार्टी नेता और कार्यकर्ता देखते रहे. दो दिन पहले पार्टी  की ओर से कहा गया था कि तेजस्वी यादव सदस्यता अभियान के शुभारंभ के मौके पर मौजूद रहेंगे. 
राजद के प्रदेश  कार्यालय में  पार्टी की महानगर इकाई की ओर से सदस्यता  अभियान की शुरुआत की गयी. राज्य के सभी प्रखंडों में भी इस अभियान की शुरुआत हुई. प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामचंद्र पूर्वे  ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  शिवानंद तिवारी को पार्टी का सदस्य बनाकर अभियान की शुरुआत की. पार्टी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने  पार्टी के ऑनलाइन सदस्य बनने के वेब पोर्टल की शुरुआत की.   प्रदेश अध्यक्ष डाॅ  पूर्वे ने कहा कि बिहार के लिए 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. यह पार्टी के एक करोड़ सदस्य बनाने के लक्ष्य का आधा है.  
हमारी  जिम्मेदारी ज्यादा है. पार्टी के प्रदेश के प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता ने कहा कि पहली बार पार्टी द्वारा ऑनलाइन सदस्य बनने के लिए पार्टी का वेब पोर्टल जारी किया गया है. इसके जरिये देश के किसी भी स्थान से इच्छुक व्यक्ति पार्टी का सदस्य बन सकते हैं. पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, विधान परिषद के पूर्व सभापति सलीम परवेज, राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डाॅ  तनवीर हसन, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, पूर्व मंत्री अब्दुल गफुर, शिवचन्द्र राम ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, अतिपिछड़ी जाति की बस्तियों में जाकर उन्हें पार्टी से जोड़ने की  जरूरत है. युवाओं और महिलाओं में पार्टी का आकर्षण काफी बढ़ा है. सवर्ण समाज के लोगों का विश्वास राजद की नीति और नेता में है.  

More videos

See All