धारा 118 से छेड़छाड़ की तो भाजपा सरकार भुगतेगी गंभीर परिणाम: कुलदीप राठौर

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि हिमाचल में भू राजस्व अधिनियम की धारा 118 के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ की तो भाजपा सरकार को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह बादल के उस बयान पर ऐतराज जताया है जिसमें उन्होंने हिमाचल में धारा 118 में छूट देने की वकालत की है।
राठौर ने आरोप लगाया कि गैर हिमाचलियों को जमीनों को खरीद फरोख्त की अनुमति की बात करने से संबंधित बादल का बयान उनकी भाजपा के साथ अंदरूनी सांठगांठ का राजनीतिक हिस्सा हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के लोगों और उनके हितों से खिलवाड़ सहन नही करेगी। हिमाचल की तुलना जम्मू-कश्मीर से नहीं की जा सकती है। हिमाचल में धारा 118 को प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार ने लोगों की भावनाओं को देखकर लागू किया था।
प्रदेश का पर्यावरण भी हरे भरे जंगलों की कारण साफ सुथरा है। अगर प्रदेश में अन्य राज्यों के लोगों को जमीनें खरीदने की छूट मिलती है तो इससे हिमाचल को नुकसान हो सकता है। कांग्रेस ने प्रदेश भाजपा सरकार की मंशा को भांपते हुए सेव हिमाचल अभियान परमार जयंती से शुरू कर दिया है।

More videos

See All