हिमाचल के पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह की तबीयत बिगड़ी, आइजीएमसी में भर्ती

 हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री एवं कांग्रेस के दिग्‍गज नेता वीरभद्र सिंह की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें आइजीएमसी में भर्ती किया गया है। वीरभद्र सिंह कुछ दिनों से रामपुर में थे, वहीं पर उनकी तबीयत अचानक खराब हुई और बुधवार सुबह ही उन्‍हें सीधे आइजीएमसी शिमला लाया गया। दो बजे वह अस्पताल में जांच के लिए पहुंचे थे। चिकित्सकों ने चेकअप के बाद उन्हें अस्पताल में दाखिल होने की सलाह दी। हालांकि चिकित्सक इसे रुटीन चेकअप बता रहे हैं। लेकिन वीरभद्र सिंह को सांस लेने में दिक्कत बताई जा रही है। आइजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉक्‍टर जनक राज ने बताया पूर्व सीएम की तबीयत बिगड़ी है, उनका चेकअप किया जा रहा है।
वीरभद्र सिंह की तबीयत बिगड़ने की खबर सुनते ही हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व अन्‍य पार्टी के पदाधिकारी उनका कुशलक्षेम जानने अस्‍पताल पहुंच गए। वीरभद्र सिंह ने उनसे बातचीत करते हुए बताया कि वह अब कुछ बेहतर महसूस कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वीरभद्र सिंह एक सप्ताह से सराहन में थे। उन्हें खांसी, जुकाम के साथ सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही है। बुधवार को सराहन से शिमला लौटते समय रास्ते में तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद उन्हें सीधे आईजीएमसी ले जाया गया। 88 वर्षीय वीरभद्र सिंह इससे पहले भी रूटीन चेकअप के लिए आइजीएमसी आते रहते हैं। लेकिन इस बार उनकी तबीयत ज्‍यादा खराब हो गई, इस कारण उन्‍हें दाखिल करना पड़ा।

More videos

See All