केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के मुख्यमंत्री के लिए बगावती तेवर

प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनावों को लेकर सरगर्मियां पूरे यौवन पर हैं। भाजपा चुनावों के लिए पार्टी हाईकमान द्वारा तय मिशन 75 को पूरा करने में जुटी है। प्रदेश में विधायक व सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में समारोह आयोजित कर रहे हैं और प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हैं। जहां प्रदेश सरकार की बात होती है वहां प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की प्रशंसा भी की जाती है परन्तु इनके ही अपने केंद्रीय मंत्री को मुख्यमंत्री खट्टर की प्रशंसा पसंद नहीं है और वह जब भी मौका मिलता है, अपनी भड़ास निकाल ही लेते हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पिछले 5 वर्षों से जब भी मौका मिलता है मुख्यमंत्री पर हमला बोलने से बाज नहीं आते।
केंद्रीय मंत्री कभी मुख्यमंत्री को अनुभवहीन मुख्यमंत्री की संज्ञा देते हैं तो कभी हरियाणा के अधिकारियों को दो कौड़ी का बताते हैं जिसे लेकर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री आमने-सामने भी हो चुके हैं। एक बार तो गुरुग्राम में प्रधानमंत्री के मंच पर राव इंद्रजीत ने मुख्यमंत्री के खिलाफ ऐसी आग उगली कि जिससे हरियाणा में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। ऐसा ही एक मामला अभी सुनने में आया है कि केंद्रीय मंत्री ने रेवाड़ी जिले के गांव डहीना में भाजपा के विधायक विक्रम ठेकेदार को मंच पर ही अपमानित कर दिया। वह भी तब जब वह हरियाणा के मुख्यमंत्री द्वारा किए विकास कार्यों की जानकारी जनता को दे रहे थे। जैसे ही विधायक ने मुख्यमंत्री की प्रशंसा करनी प्रारंभ की तो केंद्रीय मंत्री ने अपनी ही पार्टी के विधायक को धमका कर बिठा दिया। हालांकि इस पूरे मामले की जानकारी भाजपा नेताओं ने पार्टी हाईकमान को दे दी है जिसके चलते भाजपा के नेता राव से नाराज बताए जाते हैं।
राव इंद्रजीत सिंह केंद्र में तीसरी बार मंत्री बने हैं। बी.ए. और एल.एल.बी. की पढ़ाई करने वाले राव 4 दशक से राजनीति में हैं। इससे पूर्व वह 4 बार हरियाणा विधानसभा के लिए भी चुने जा चुके हैं। इससे पूर्व राव निशानेबाज रहे हैं और देश के लिए कई पदक भी जीते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की दूसरी कैबिनेट में रावइंद्र का कद बढ़ा और उन्हें इस बार केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया है। मूल रूप से रेवाड़ी के निवासी राव 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद राव तुलाराम के वंशज हैं।
हाईकमान को सौंपा मामले का वीडियो
सूत्रों के अनुसार राव इंद्रजीत से नाराज कार्यकत्र्ताओं की ओर से भाजपा हाईकमान को एक वीडियो सौंपा गया है जिसमें केंद्रीय मंत्री विधायक को धमका रहे हैं। यह भी ज्ञात हुआ है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह पूरे मामले पर संज्ञान ले रहे हैं तथा केंद्रीय राज्य मंत्री की भाषा से खफा बताए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय में भी राव की भाषा को लेकर अनेक प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं।

More videos

See All