अनंत सिंह ने जैसे ही कहा-'बुतरू' और 'एके-47' ग्रीन हो गई Voice sample मशीन की बत्ती

बाढ़ के भोला सिंह और उसके भाई मुकेश की हत्या की साजिश रचने के मामले में आरोपित मोकामा विधायक अनंत कुमार उर्फ अनंत सिंह ने गुरुवार को एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) में अपनी आवाज का नमूना दिया। इस दौरान विधायक से 'बुतरू' और 'एके-47' जैसे शब्द बुलवाए गए। अब उनकी आवाज के नमूने का मिलान उनकी ऑडियो क्लिप से किया जा रहा है, जो हत्या के लिए पहुंचे तीन शूटरों के मोबाइल से मिले थे।
एफएसएल सूत्रों की मानें तो स्पीच मशीन ने विधायक द्वारा बोले गए इन शब्दों पर 'हरा' संकेत दिया। इसका मतलब है कि ऑडियो क्लिप अनंत सिंह की आवाज से मिल रही है। ट्रांसक्रिप्शन रिपोर्ट तैयार की जा रही है। संभावना है कि रिपोर्ट जल्द सौंप दी जाएगी। इधर, ग्रामीण एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि अब तक एफएसएल की रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट आने के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
देरी से पहुंचे अनंत सिंह  
कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने विधायक के सरकारी आवास '1 मॉल रोड' पर नोटिस चस्पा किया था। इसमें गुरुवार को सुबह 11:00 बजे उन्हें एफएसएल में आवाज का नमूना देने के लिए उपस्थित होने की बात लिखी थी। निर्धारित समय पर कांड की जांच से जुड़े अधिकारी और मजिस्ट्रेट पहुंच गए थे, लेकिन अनंत सिंह आधा घंटा विलंब से पहुंचे। 
अटक-अटक कर पढ़ा मसौदा 
एफएसएल सूत्रों के मुताबिक, विशेषज्ञों ने ऑडियो क्लिप का ट्रांसक्रिप्शन (क्लिप में हो रही बातचीत को कागज पर लिखना) तैयार किया था। अनंत सिंह के आने पर उन्हें मसौदा पढऩे के लिए दिया गया, लेकिन वे अटक-अटक कर पढ़ रहे थे। इसके बाद उनसे चुनिंदा शब्द बोलने को कहा गया। उनकी आवाज रिकॉर्ड की जा रही थी। इसे बाद में स्पीच मशीन पर लोड किया गया।
बोले अनंत सिंह - मुझे फंसाया जा रहा 
बिहार पुलिस मुख्यालय से बाहर निकलने के बाद अनंत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें फंसाया जा रहा है। सरकार आपराधिक छवि वाले भोला सिंह को बचाने में लगी है। उसे सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने राज्य सरकार के एक मंत्री पर षडयंत्र के तहत फंसाने का आरोप लगाया है।

More videos

See All