जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए मंथन शुरू, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कल बुलाई बैठक

राज्य में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव करवाए जाने की जोर पकड़ती अटकलों के बीच राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला चुनाव अधिकारियों की कल शुक्रवार यानी दो अगस्त को बैठक बुलाई हैं। इस संदर्भ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि बैठक में शामिल सभी अधिकारियों को पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिए मतदाता सत्यापन कार्यक्रम (ईवीपी) और 2020 के लिए मतदाता सूचियों की समीक्षा व संशोधन के संदर्भ में अपनी राय और फीडबैक भी प्रदान करना है।
शुक्रवार दोपहर ढाई बजे होने वाली इस बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जिला चुनाव अधिकारी, जिला उप चुनाव अधिकारी, ईआरओ और एईआरओ को वीडियो कांफ्रेंस से संबोधित करेंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन शुरू हो गया है। चुनाव प्रक्रिया अक्टूबर में शुरू होगी जो करीब एक माह तक चलेगी। अलबत्ता, इस संदर्भ में कोई भी अंतिम फैसला और औपचारिक आदेश 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के बाद ही जारी होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्य प्रभारी अविनाश राय खन्ना को जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। प्रदेश भाजपा को अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने के निर्देश जारी करने के फौरन बाद खन्ना को चुनाव की कमान सौंप दी गई। अब प्रदेश भाजपा खन्ना के मार्गदर्शन में राज्य में अपने बलबूते पर सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। खन्ना जम्मू कश्मीर में विधानसभा, संसदीय चुनाव करवाने में अनुभव रखते हैं। उनके मार्ग दर्शन में भाजपा ने गत विस चुनाव में कामयाब होकर सरकार बनाने के साथ लगातार दूसरी बार राज्य की छह में से तीन संसदीय सीटें जीती हैं। हाईकमान ने खन्ना की नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से लागू किया है।

More videos

See All