हरियाणा में बीजेपी का मिशन 75+ का 'सपना'

 विधानसभा चुनाव में 75 पार लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा दो दिन में खाका खींचकर चले गए हैं। उन्होंने पार्टी संगठन में किसी भी दायित्व को कम नहीं आंकने की नसीहत देते हुए पन्ना प्रमुख बनाने पर फोकस किया। उन्होंने कहा कि यह तो तय है कि हरियाणा में भाजपा फिर से सरकार बनाने जा रही है, लेकिन शांत बैठने के बजाय पहले से ज्यादा मेहनत करनी होगी। पार्टी संगठन को मौके को देखते हुए कड़े निर्णय भी लेने होंगे।
चुनाव में उम्मीदवार चयन को लेकर कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता की पसंद को नजरअंदाज करने से परहेज करना होगा। ऐसे में किसी मंत्री, विधायक का टिकट भी काटना पड़े तो गुरेज न करें। जीतने वाले नए चेहरों को मौका दें, चाहें वे अन्य दलों से भाजपा के सदस्य क्यों न बने हों। इस तरह हर बिंदु को देखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की रूपरेखा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नड्डा ने अपने प्रवास के दौरान तैयार की है। उन्होंने उम्मीदवार के चयन को लेकर पार्टी के सर्वे का भी जिक्र किया।
शक्ति-केंद्र प्रमुख व पालकों में भरा गया जोश
जेपी नड्डा ने पहले दिन राज्य के शक्ति केंद्र प्रमुख व पालकों में जोश भरने का काम किया। उन्होंने कहा कि जिस भी राजनीति पार्टी के पास इतनी संख्या में शक्ति-केंद्र प्रमुख व पालक मौजूद है, उसे कोई भी पार्टी चुनाव में हरा नहीं सकती। पार्टी की रीढ़ कार्यकर्ता है, कार्यकर्ताओं में ही सबको अलग-अलग पार्टी में दायित्व दिया जाता है।
हारी हुई सीटों पर कमल खिलाने का दिया मंत्र
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नड्डा ने दो दिन में वर्ष 2014 के चुनाव में उन विधानसभा क्षेत्रों को लेकर चर्चा की, जहां पार्टी प्रत्याशी हार गए थे। हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में हालांकि पार्टी ने सभी 10 सीटों पर जीत हासिल की है, लेकिन पार्टी प्रत्याशी जिन विधानसभा क्षेत्रों व बूथों में हार गए, वहां पर ज्यादा मेहनत करने की बात कही। उन्होंने रोहतक में ज्यादा मेहनत करने के निर्देश दिए, जहां पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा समर्थित दस विधायक हैं। इसमें तीन रोहतक, दो झज्जर व पांच सोनीपत जिले के विधानसभा क्षेत्र हैं।
लक्ष्य निर्धारित करते हुए आगे बढ़ें, सफलता अवश्य मिलेगी: नड्डा
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कोई भी संगठन योजना के आधार पर आगे बढ़ता है और भाजपा पूरी पारदर्शिता के साथ योजनागत तरीके से सफलता की ओर कदम बढ़ा रही है। एक बेहतर लक्ष्य को सामने रखते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। चुनाव प्रबंधन टोली की बैठक सदस्यों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित करते हुए हम आगे बढ़ रहे हैं और निरंतर मेहनत के बलबूते हम आगामी विधानसभा चुनाव में भी अपना परचम लहराएंगे। उन्होंने हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में हरियाणा चुनाव प्रबंधन टोली द्वारा निभाई गई भूमिका की सराहना की।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती व योजनागत ढंग से पार्टी का प्रचार प्रसार हमें सफलता की ओर ले जाएगा। इस मौके पर भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी डा. अनिल जैन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, संदीप जोशी, एडवोकेट वेदपाल सहित अन्य सदस्यगण मौजूद रहे।

More videos

See All