अभी चूके नहीं बीरेंद्र सिंह, जींद में पार्टी अध्यक्ष शाह को बुलाकर दिखाएंगे दमखम

भाजपा के जाट नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह एक बार फिर जाट-बांगर बेल्ट में अपना दमखम दिखाने की तैयारी में हैं। राज्यसभा सदस्य बीरेंद्र सिंह को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए 16 अगस्त को पूरे पांच साल हो जाएंगे। इसके तुरंत बाद अक्टूबर में विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में बीरेंद्र सिंह ने रैली के लिए सही मौका चुना है।
चौ. बीरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर रैली का निमंत्रण दिया है। बीरेंद्र सिंह यह रैली अपने गृह जिले जींद में करना चाहते हैं। जींद के उचाना कलां से बीरेंद्र सिंह विधायक रह चुके हैं और अब उनकी धर्मपत्नी प्रेमलता यहां से विधायक हैं। बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह हाल ही में हिसार लोकसभा सीटें से सांसद चुनकर आए हैं।
दीनबंधु सर छोटू राम के नाती बीरेंद्र सिंह का एकमात्र ऐसा परिवार है, जिसमें तीनों बड़े सदस्य अहम पदों पर काबिज हैं। खुद बीरेंद्र सिंह राज्यसभा सदस्य, उनके बेटे बृजेंद्र सिंह सांसद और पत्नी प्रेमलता विधायक हैं। जींद में अक्सर बड़ी रैलियां आयोजित की जाती रही हैं। इस पूरे क्षेत्र में बीरेंद्र सिंह का राजनीतिक और सामाजिक रसूख है।
बीरेंद्र सिंह पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रोहतक बुलाकर अपने नाना दीनबंधु सर छोटू राम की आदमकद प्रतिमा का अनावकरण करा चुके हैं। राज्य में हुए जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान जब सरकार में अस्थिरता का दौर चल रहा था, तब चौ. बीरेंद्र सिंह ने आंदोलनकारियों के साथ बातचीत करने में अहम भूमिका निभाई थी।
अपने बेटे बृजेंद्र सिंह को आइएएस की नौकरी छुड़वाकर राजनीति में लाने का उनका फैसला भी सही साबित हुआ है। हालांकि इसके लिए बीरेंद्र सिंह ने केंद्रीय मंत्री तक का पद त्याग दिया था और हाईकमान के सामने राज्यसभा की सीट से इस्तीफा तक देने की पेशकश कर दी थी। अब बीरेंद्र सिंह जींद में दमखम दिखाकर न केवल लोगों में अपनी मजबूत पकड़ का अहसास कराएंगे, बल्कि भाजपा हाईकमान पर अपने बेटे बृजेंद्र सिंह को अहम जिम्मेदारी सौंपने का माहौल भी बना सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बीरेंद्र सिंह को 16 अगस्त की रैली की तैयारियां करने का संकेत दे दिया है।
राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह का कहना है कि हमें और हमारे साथियों को भाजपा में आए पांच साल 16 अगस्त को पूरे हो जाएंगे। हमें अमित शाह जी ने ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई थी। मेरी उनसे मुलाकात हुई है। मैंने अध्यक्ष जी से अनुरोध किया है कि हमारे कार्यकर्ता आपका अभिनंदन करना चाहते हैं। आपके हरियाणा आने से कार्यकर्ताओं में जोश, प्रेरणा और उत्साह आएगा। हमारी रैली की तैयारी पूरी है। सिर्फ अध्यक्ष जी के इशारे का इंतजार है। 

More videos

See All