मनोज तिवारी ने सिसोदिया से पूछा- वर्ल्ड क्लास रूम में कैसे छात्र पर गिरा पंखा

दिल्ली के त्रिलोकपुरी के एक स्कूल में छात्र पर पंखा गिरने को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस क्लास रूम को मनीष सिसोदिया वर्ल्ड क्लास बता रहे हैं और 5 लाख का कमरा 25 लाख में बनवा रहे हैं उसी क्लास से एक पंखा टूटता है और एक बच्चे का सिर फट जाता है। वह बच्चा अस्पताल में भर्ती है।
मनोज तिवारी ने कहा कि बच्चे के पिता ने इसकी शिकायत की है। मनीष सिसोदिया को तुरंत जा कर उस बच्चे से अस्पताल में मिलना चाहिए।
इससे पहले त्रिलोकपुरी के राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय में पंखा गिरने से सातवी कक्षा में पढ़ने वाला छात्र हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया था। यह हादसा उस वक़्त हुआ जब क्लास चल रही थी। घायल हालात में हर्ष को जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, यहां छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर को जीटीबी में बच्चे के सिर की सर्जरी हुई है।
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और पूर्वी दिल्ली के भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने इस हादसे के लिए दिल्ली सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया है। साथ ही कहा कि सरकार अपने स्कूलों को वर्ल्ड क्लास बताती है, इस स्कूल को पंखे गिर रहे है और बच्चे घायल हो रहे हैं। बता दें कि दिल्ली में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में विपक्षी दल आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
इससे पहले दो जुलाई को भाजपा नेता मनोज तिवारी ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर दो हजार करोड़ घोटाला करने का गंभीर आरोप लगाया था। मनोज तिवारी ने कहा था कि एक आरटीआई से पता चला है कि स्कूलों में कमरों के निर्माण के लिए अतिरिक्त 2000 करोड़ रुपये दिए गए थे जो कि केवल 892 करोड़ रुपये में बनाए जा सकते थे।
इन आरोपों के बाद बाद सिसोदिया ने दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता को मानहानि का नोटिस भेजा था। इसके अलावा उन्होंने भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा को भी मानहानि का नोटिस भेजा था।

More videos

See All