जजपा को लगा बड़ा झटका, लोकसभा चुनाव लड़ी स्वाति यादव भाजपा में शामिल हुई

जननायक जनता पार्टी (जजपा) को शनिवार को बड़ा झटका लगा। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से उसके टिकट पर चुनाव लड़ी स्वाति यादव ने शनिवार को जजपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। उनके भाजपा में शामिल होने के एक पखवाड़े से चर्चा चल रही थी। स्वाति यादव ने गुरुग्राम में भाजपा के सदस्यता अभियान शुभारंभ कार्यक्रम में उसकी सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश में सदस्यता अभियान शुरू करने के लिए गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में स्वाति यादव के साथ उनके पिता सतबीर यादव ने भी भाजपा का दामन थामा। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के कुछ दिन बाद ही स्वाति यादव एवं उनके पिता के भाजपा में शामिल होने की चर्चा काफी गर्म थी। कई बार सोशल मीडिया में उनके भाजपा नेताओं से मुलाकात होने की खबर आई। मगर वह शनिवार को भाजपा में शामिल हुए।
बताया जाता है कि भाजपा नेताओं ने कुछ दिन पहले उनको पार्टी शामिल करने की हरी झंडी दे दी थी, लेकिन उन्हें सदस्यता अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल करने का निर्णय लिया गया। सूत्रों के अनुसार भाजपा की ओर से उन्हें महेंद्रगढ़ जिला की किसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़वाया जा सकता है। स्वाति यादव को लोकसभा चुनाव में करीब 85 हजार वोट (7.32 प्रतिशत) मिले थे। इसके अलावा बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया, सेना में अधिकारी रहे टीसी राव आदि भी भाजपा में शामिल हुए। उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सदस्यता अभियान के संयोजक शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। उन्होंने दूसरे दलों से आए नेताओं को भाजपा का पटका पहनाकर स्वागत किया।

More videos

See All