अब कार्यकर्ता विस चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं : गुर्जर

लोकसभा चुनाव में सभी भाजपा वर्कर्स ने उम्मीदवार रतनलाल कटारिया के लिए दिन-रात एक कर जी-तोड़ मेहनत की। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। यह शब्द बीती शाम विधानसभा स्पीकर चौ. कंवरपाल गुर्जर ने जगाधरी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहे।
स्पीकर ने कहा कि अब सभी कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। जिस तरह से मेहनत करके भाजपा कार्यकर्ताओं ने आमजन को राष्ट्रहित में मतदान करने के लिए प्रेरित किया वह बेहद सराहनीय है। जगाधरी विधानसभा में लगभग 78 प्रतिशत मतदान हुआ जिसका श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत को जाता है।
कंवरपाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने गेहूं के सीजन व गर्मी के बाद भी प्रतिदिन लगभग 16 सफल कार्यक्रम गांवों में व 4 कार्यक्रम जगाधरी शहर में आयोजित किए जिससे आमजन को पार्टी से जुड़ने का अवसर मिला। स्पीकर ने दावा किया कि भाजपा प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
इससे पहले उन्होंने छछरौली व प्रतापनगर में भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष महेंद्र खदरी, चेयरमैन संजीव गर्ग, अशोक बहादुपुर, चेयरमैन मंगत राम आदि भी मौजूद रहे।

More videos

See All