मई को छोटी काशी में गरजेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10 मई को छोटी काशी (मंडी) के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में होने वाली रैली की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) की टीम पहुंच गई है। टीम एआइजी कमल कुलवे की अगुवाई में मंगलवार सुबह मंडी पहुंची। सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों व आयोजकों से वार्ता की और करीब एक घंटे तक पड्डल मैदान का जायजा लिया। रैली के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, को देखते हुए टीम ने मैदान के इर्द-गिर्द से जाने वाले मार्गों को भी देखा। हेलीकॉप्टर कहां उतरेगा और कहां पर हेलीपैड बनाया जाएगा। इन बिंदुओं पर भी गौर किया गया।
रैली में कितनी भीड़ जुट सकती है, इस बात की भी जानकारी जुटाई गई। एसपीजी की टीम ने भाजपा के पदाधिकारियों व नेताओं, स्थानीय पुलिस अधिकारियों व आइबी के अधिकारियों से भी रैली को लेकर चर्चा की। मैदान व सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट होने पर रैली को अनुमति प्रदान कर दी है। रैली के लिए उसी स्थान पर मंच बनाया जा रहा है, जहां 2014 व 2016 की रैली के लिए मंच बनाया गया था। मंच से कुछ दूरी पर हेलीकॉप्टर की लैंडिंग होगी। आपातकालीन परिस्थिति में कांगणी व राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सुंदरनगर के खेल मैदान में भी हेलीकॉप्टर लैंडिंग की व्यवस्था रहेगी। रैली को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर संसदीय क्षेत्र के नेताओं व पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं।

More videos

See All