इस बार मौसेरे भाई आमने-सामने, बीकानेर के राजा पांच बार यहां से निर्दलीय सांसद रहे

राजस्थान की बीकानेर लोकसभा सीट पर राजपरिवार का दबदबा रहा है। यहां महाराजा करणी सिंह ने 1952 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में निर्दलीय के तौर पर चुनाव जीता। इसके बाद साल 1971 तक उन्होंने बतौर निर्दलीय यहां से लगातार पांच बार चुनाव जीता। अभी उनकी पोती सिद्धी कुमारी यहां से वर्तमान में विधायक हैं। वे यहां से लगातार दूसरी बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीती हैं। साथ ही यहां से फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र भी चुनाव जीत चुके हैं। बीकानेर से बीडी कल्ला और भंवर सिंह भाटी जहां प्रदेश सरकार में मंत्री हैं वहीं, सांसद अर्जुन राम मेघवाल केंद्र में मंत्री हैं। फिलहाल बीकानेर लोकसभा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल के लिए इस बार कांग्रेस प्रत्याशी मदनगोपाल मेघवाल के खिलाफ चुनाव जीतने की तगड़ी चुनौती है।
पिछले दो चुनावों में कांग्रेस को अर्जुनराम के खिलाफ दमदार उम्मीदवार नहीं मिला, लिहाजा अर्जुनराम की राह आसान रही। पिछली बार तो कांग्रेस के बेहद कमजोर उम्मीदवार होने से वह रिकॉर्ड मतों से जीते थे। इस बार कांग्रेस ने चेहरा बदलते हुए उनके ही मौसेरे भाई और भारतीय पुलिस सेवा के रिटायर्ड अधिकारी मदनगोपाल मेघवाल को मैदान में उतारा है। मदनगोपाल वर्तमान सांसद अर्जुनराम को कड़ी चुनौती दे रहे हैं। हालांकि, मदन मेघवाल के सामने पहचान का संकट भी है।

More videos

See All