कांग्रेस ने अस्थायी कर्मियों के मुद्दे पर बोला हमला

कांग्रेस ने अब अस्थायी कर्मचारियों के संबंध में नीति पर सवाल दागते हुए प्रदेश सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अतिथि शिक्षकों और उपनल कर्मियों को राज्य में न्याय नहीं मिलने पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया तो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय व प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आपातकालीन सेवा 108 और खुशियों की सवारी योजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों के रोजगार पर मंडरा रहे संकट का विरोध करते हुए कर्मचारियों के प्रति समर्थन जताया है।
प्रदेश में लोकसभा चुनाव का पहला चरण 11 अप्रैल को संपन्न हो चुका है। कांग्रेस ने चुनाव परिणाम आने से पहले ही प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चाबंदी तेज कर दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शनिवार को फेसबुक पर अतिथि शिक्षकों और उपनल कर्मचारियों के बारे में राज्य सरकार के मौजूदा रुख पर सख्त आपत्ति की।