उपेक्षा से किशोर उपाध्याय दुखी, बोले मैं हूं सच्चा कांग्रेसी
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय एक बार फिर अपनी उपेक्षा से आहत हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 14-15 बार उनकी उपेक्षा हो चुकी है। साथ ही यह भी जोड़ा कि अभी लोकसभा चुनावों का समय है और वह राहुल गांधी का हाथ मजबूत करने का काम करेंगे। पार्टी भले ही चुनावों में उन्हें कोई काम दे या न दे। उन्हें कोई भी कांग्रेस को वोट देने से नहीं रोक सकता।
कांग्रेस की शनिवार को हुई परिवर्तन रैली में कई नेताओं ने अपना संबोधन दिया, लेकिन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को मंच पर संबोधन के लिए नहीं बुलाया गया। इससे वह काफी आहत हुए। उनके शुभचिंतकों ने उनकी इस उपेक्षा पर काफी दुख भी जताया।
किशोर उपाध्याय ने ट्वीट करने के साथ ही फेसबुक पर एक पोस्ट डाली। इसमें उन्होंने लिखा कि वह कांग्रेस के उन साथियों के आभारी हैं, जिन्होंने फोन पर और व्यक्तिगत रूप से मिलकर रैली में उनके साथ हुए व्यवहार पर चिंता जताई। वे अपने सभी साथियों से विनम्र निवेदन करते हैं कि यह समय राहुल गांधी के हाथों को सुदृढ़ करने का है।