भाजपा को चाहिए हरियाणा की सात लोकसभा सीटों पर जीत, 'चमत्कारी' चेहरों की तलाश
भाजपा किसी भी हालत में हरियाणा की सभी सात लोकसभा सीटों को अपनी झोली में डालना चाहती है और इसके लिए उसे 'चमत्कारी' चेहरों की तलाश है। भाजपा जीतने में सक्षम उम्मीदवारोें की तलाश कर रही है। अभी तक भाजपा के पास अंबाला सुरक्षित और गुरुग्राम व फरीदाबाद को छोड़कर बकाया सात सीटों पर जीतने वाले उम्मीदवार तय नहीं हैं। इसलिए पार्टी के लोकसभा चुनाव समिति के प्रभारी कलराज मिश्र राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 25 फरवरी को हिसार दौरे से पहले ही करनाल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, सिरसा, रोहतक, हिसार सहित भिवानी-महेंद्रगढ़ के लिए मंथन में जुटे हैं।
पार्टी ने 2014 का चुनाव तत्कालीन हरियाणा जनहित कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन में दस में से आठ सीट पर लड़ा था। हरियाणा जनहित कांग्रेस सिरसा और हिसार दोनों ही सीट हार गई थी, जबकि भाजपा ने आठ में से सात सीटों पर विजय हासिल की थी। भाजपा तब केवल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक की सीट नहीं जीत पाई थी। रोहतक से हुड्डा के पुत्र दीपेंद्र हुड्डा ने मौजूदा राज्य के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ को हराया था।