लोकसभा के साथ हो सकते हैं विधानसभा चुनाव : तंवर

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि जब से केंद्र और हरियाणा में भाजपा की सरकार सत्ता में आई है देश व प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टचार भाजपा के डीएनए में है। उन्होंने कहा कि 10-15 दिन में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो जाएगी। उन्होंने कहा हरियाणा में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव होने की भी संभावना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे चुनाव के लिए तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि किसानों की अनदेखी की जा रही है और मजदूरों के पास काम नहीं है, नौजवान बेरोजगार हैं। वह रविवार को बिलासपुर में भ्रष्टाचार मिटाओ रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली का आयोजन सुरेश कान्हड़ी ने किया था। उन्होने पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री, उनके मंत्रियों और भाजपा के कुछ नेताओं के संरक्षण में प्रदेश में अवैध खनन फल-फूल रहा है। यमुनानगर, भिवानी, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, अरावली की पहाड़ियों में अवैध माइनिंग का काम धड़ल्ले से चल रहा है। इस काले कारोबार को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों ने तीन लाख करोड़ रुपये का घोटाला किया है। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा घोटाला बिना सरकारी संरक्षण के नहीं हो सकता है।

More videos

See All