चुनौतियों के बीच कांगड़ा दुर्ग पर चढ़ाई

 प्रदेश में सत्ता का द्वार खोलने वाले सबसे बड़े जिला कांगड़ा में कांग्रेस पार्टी ने मजबूती के लिए कदमताल शुरू कर दी है। पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाले कुलदीप राठौर ने चुनौतियों के बीच कांगड़ा दुर्ग पर चढ़ाई शुरू कर दी है तो पार्टी जनों को एकजुटता के साथ लोकसभा चुनाव में ताल ठोकने का भी पाठ पढ़ाया। प्रदेश में गुटों के बीच बंटी कांग्रेस को एकजुट करने की जो जिम्मेदारी कुलदीप राठौर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सौंपी है, उसे लेकर वह पहली बार जिला कांगड़ा के दौरे पर रहे।
इस दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एकजुटता के साथ ही पार्टी को आगे ले जाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि गुटबाजी को भूलाकर एक साथ मिलकर आगे बढ़ें। हालांकि कुलदीप राठौर के जिला कांगड़ा के दो दिवसीय दौरे के दौरान बैजनाथ में शुरुआत से ही उनके स्वागत को लेकर तीन गुटों ने अलग-अलग जगह स्वागत कर गुटबाजी को हवा तो दी, लेकिन बैठक में नसीहत यह रही कि सभी एक साथ मिलकर ही कार्य करें। इससे पूर्व देखें तो कांगड़ा में पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल के कार्यक्रमों में अक्सर गुटबाजी सिर पर चढ़कर बोलती रही है और अपने-अपने नेताओं के पक्ष में नारेबाजी के बीच बैठकों में हंगामा ही बरपता रहा है।

More videos

See All