Molitics Logo
होम UP Encounter: मुजफ्फरनगर में STF का एक्शन, गैंगस्टर शाहरुख पठान मारा गया

UP Encounter: मुजफ्फरनगर में STF का एक्शन, गैंगस्टर शाहरुख पठान मारा गया

मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े कुख्यात शार्प शूटर शाहरुख पठान को सोमवार सुबह छपार थाना क्षेत्र के रोहाना मार्ग पर मुठभेड़ में मार गिराया गया।

UP Encounter: मुजफ्फरनगर में STF का एक्शन, गैंगस्टर शाहरुख पठान मारा गया
फोटो: UP Encounter: मुजफ्फरनगर में STF का एक्शन, गैंगस्टर शाहरुख पठान मारा गया
उत्तर प्रदेश एसटीएफ को मुजफ्फरनगर में बड़ी सफलता मिली है। मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े कुख्यात शार्प शूटर शाहरुख पठान को सोमवार सुबह छपार थाना क्षेत्र के रोहाना मार्ग पर मुठभेड़ में मार गिराया गया। घटनास्थल से एक कार, तीन पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं। शाहरुख पठान पश्चिमी यूपी में माफिया संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा का खास सहयोगी था। जानकारी के मुताबिक, मुख्तार अंसारी के दो प्रमुख सहयोगी थे, पूर्वांचल में मुन्ना बजरंगी और पश्चिम में संजीव जीवा। तीनों की अब तक मौत हो चुकी है,  मुख्तार अंसारी की जेल में, मुन्ना बजरंगी की बागपत जेल में हत्या हुई और संजीव जीवा की लखनऊ कोर्ट में गोली मारकर हत्या कर दी गई।

शूटर शाहरुख पठान की आपराधिक पृष्ठभूमि

बिजनौर निवासी शाहरुख पठान पर हत्या, लूट और धमकी जैसे 12 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2015 में उसने मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर पुलिस कस्टडी में आसिफ जायदा नामक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। जेल में रहते हुए वह संजीव जीवा और मुख्तार अंसारी के संपर्क में आया और जीवा के लिए काम करने लगा। 2016 में वह सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर से फरार हो गया। फरारी के दौरान 2017 में हरिद्वार के कंबल व्यापारी गोल्डी की हत्या कर दी। उसी वर्ष मुजफ्फरनगर में उसने आसिफ जायदा मर्डर केस के गवाह के पिता की भी हत्या कर दी, जिसके बाद उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया। 

शाहरुख गोल्डी हत्याकांड में संजीव जीवा के साथ उम्रकैद की सज़ा पा चुका था। हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था और फिर से गवाहों को धमकाने लगा था। संभल में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके चलते वह वांछित चल रहा था।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि शाहरुख पठान किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है और छपार क्षेत्र में मौजूद है। इस इनपुट के आधार पर मेरठ एसटीएफ फील्ड यूनिट ने घेराबंदी की। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो शाहरुख ने जवाब में गोलियां चलाईं। एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।