Molitics Logo
होम पश्चिमी यू.पी में बीजेपी की हार पर संगीत सोम-बालियान में बढ़ी रार

पश्चिमी यू.पी में बीजेपी की हार पर संगीत सोम-बालियान में बढ़ी रार

पश्चिमी यू.पी में बीजेपी की हार पर संगीत सोम-बालियान में बढ़ी रार
फोटो: पश्चिमी यू.पी में बीजेपी की हार पर संगीत सोम-बालियान में बढ़ी रार
भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और भाजपा विधायक संगीत सोम ने एक दूसरे पर भाजपा विरोधी होने का आरोप लगाया है। बालियान का आरोप है कि उन्हें हराने में संगीत सोम का बड़ा हाथ रहा है। आरोपों पर संगीत सोम ने कहा है कि बालियान को जो भी कहना है उन्हें बीजेपी के मंच पर आकर कहना चाहिए। यह विवाद इसलिए भी बढ़ता जा रहा है क्योंकि मुजफ्फरनगर की सीट से संजीव बालियान को सपा उम्मीदवार हरेंद्र सिंह मलिक ने हरा दिया है। दरअसल, लोकसभा के आम चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बीजेपी का प्रदर्शन खराब रहा है, पार्टी यहां से 2019 के आम चुनाव की तुलना में ज्यादातर सीटें हारी हैं। संगीत सोम का कहना है कि राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) से गठबंधन के कारण भाजपा पश्चिमी यू.पी में कई सीटें हार गयी है। संजीव बालियान और संगीत सोम के बीच हो रहे तीखे हमलों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दो खेमें बना दिये हैं। एक खेमा संजीव बालियान की तरफ है, तो दूसरे खेमें का नेतृत्व संगीत सोम कर रहे है।



संजीव बालियान का विरोध

भाजपा ने जैसे ही संजीव बालियान को मुजफ्फरनगर से लोकसभा का उम्मीदवार बनाया, तभी से ही उनका विरोध होना शुरू हो गया था। अपने प्रचार के दौरान जब बालियान कई गांवों में गये तो उनका वहां विरोध हुआ। उनके काफिले की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई थी। यह विरोध इसलिए भी था क्योंकि चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश में राजपूतों का बीजेपी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन चल रहा था। राजपूत समाज ने यह निर्णय किया था कि उनके समाज से कोई भी व्यक्ति बीजेपी को वोट नहीं देगा। संगीत सोम राजपूत समाज से आते हैं। संगीत सोम ने खुद भी कई राजपूत सम्मेलनों में भाग लिया था। इसलिए बालियान ने अपनी हार का जिम्मेदार संगीत सोम को माना है। संगीत सोम के पुराने बयानों से यही लगता है कि चुनाव में उन्होंने संजीव बालियान की मदद नहीं की। सोशल मीडिया पर संगीत सोम का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बालियान पर आरोप लगाया है कि बालियान गुंडे पालते हैं, जब वे अपने इलाके में जाते ही नहीं हैं तो जनता उन्हें वोट कैसे दे देगी।



बीजेपी की हार का जिम्मेदार आरएलडी

भाजपा विधायक संगीत सोम ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जयंत चौधरी की पार्टी आरएलडी से समझौता करने से भाजपा को नुकसान हुआ है। अगर भाजपा पश्चिमी यूपी में अकेले चुनाव लड़ती तो कई सीटें जीत सकती थी। आरएलडी के साथ समझौते ने भाजपा को हराने का काम किया। उत्तर-प्रदेश में आरएलडी - बीजेपी गठबंधन के चलते आरएलडी को दो सीटें दी गयी थी, जिसपर आरएलडी ने दोनों ही सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं जयंत चौधरी अब मोदी मंत्रिमंडल का भी हिस्सा बन गये हैं।