तेजस्वी यादव ने लिखा, "राजद ने हमेशा से सामाजिक न्याय की अवधारणा को न केवल सिद्धांतों में बल्कि धरातल पर उतारने का काम किया है। पार्टी में अनुसूचित जाति, मुस्लिम, पिछड़ा और अगड़ा वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। अब मंगनी लाल मंडल जी के रूप में एक वरिष्ठ और अनुभवी समाजवादी नेता को अतिपिछड़ा वर्ग से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। हमें पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में राजद नई ऊंचाइयों को छुएगा।"
रविवार को प्रदेश राजद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी ई. अशोक यादव, देव किशुन ठाकुर और सारिका पासवान ने मंगनी लाल मंडल के निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा की।
हालांकि, उनकी आधिकारिक ताजपोशी 19 जून को पटना के ज्ञान भवन में एक भव्य कार्यक्रम में की जाएगी।
राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, पूर्व मंत्री प्रो. चंद्रशेखर, राजेंद्र राम, एजाज अहमद, मुकुंद सिंह, मदन शर्मा, बल्ली यादव, भाई अरुण कुमार, और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर मंगनी लाल मंडल ने कहा, "मैं संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने, और पार्टी के हर सदस्य को मान-सम्मान देने का प्रयास करूंगा। यह मेरी प्राथमिकता होगी कि पार्टी की नीतियां और विचारधारा समाज के हर तबके तक पहुंचे।"





