यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा हालात को देखते हुए, हम दोनों पक्षों से अपील करते हैं कि वे संयम बनाए रखें और सार्थक कूटनीतिक संवाद को प्राथमिकता दें।" बयान में आगे कहा गया कि ऐसे किसी भी कदम से बचना चाहिए जो दक्षिण एशियाई क्षेत्र में सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
यूक्रेन ने स्पष्ट किया कि वह क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बहाल करने वाले हर प्रयास का समर्थन करता रहेगा। बयान में कहा गया, “यूक्रेन दक्षिण एशिया में तनाव को कम करने, शांति कायम करने और स्थिरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी अंतरराष्ट्रीय पहलों का समर्थन करता है।” विदेश मंत्रालय ने यह भी जोड़ा कि वह आने वाले घटनाक्रमों पर कड़ी नजर बनाए रखेगा।
इससे पहले, सिंगापुर ने भी अपने नागरिकों के लिए एक यात्रा सलाह जारी की थी, जिसमें भारत के जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान की गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। सिंगापुर सरकार ने अस्थिर सुरक्षा हालात का हवाला देते हुए विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।





