Molitics Logo
होम इंडिगो विमान में आई तकनीकी खामी, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

इंडिगो विमान में आई तकनीकी खामी, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट ने दिल्ली से उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही आधी दूरी तय कर ली थी, लेकिन तकनीकी समस्या सामने आने के बाद पायलट ने सतर्कता बरतते हुए |

इंडिगो विमान में आई तकनीकी खामी, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
फोटो: इंडिगो विमान में आई तकनीकी खामी, दिल्ली एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते आपात स्थिति में दिल्ली एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा। विमान में कुल 180 यात्री सवार थे। सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट ने दिल्ली से उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही आधी दूरी तय कर ली थी, लेकिन तकनीकी समस्या सामने आने के बाद पायलट ने सतर्कता बरतते हुए विमान को वापस दिल्ली लाने का फैसला किया।

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को एयरपोर्ट पर उतार लिया गया और वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है। पिछले कुछ दिनों से देशभर में विमान तकनीकी खराबियों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लखनऊ, कोलकाता और अहमदाबाद से भी हाल में फ्लाइट्स की इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं सामने आई हैं।

इससे पहले 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट टेक्निकल फॉल्ट के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में विमान में सवार 241 यात्रियों समेत कुल 268 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में दो पायलट, 10 क्रू सदस्य और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। शवों की पहचान डीएनए जांच के माध्यम से की जा रही है। अब तक 210 शवों का डीएनए मिलान हो चुका है और 159 शव परिजनों को सौंपे जा चुके हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है, जो तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की गई है। एअर इंडिया ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है, जबकि टाटा संस ने 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।