सुधा रामकृष्णन से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया
तमिलनाडु के मयिलादुथुराई से लोकसभा सांसद सुधा रामकृष्णन ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 6.15 से 6.20 के बीच पोलैंड दूतावास के गेट नंबर 3 और 4 के पास हुई। स्कूटी सवार युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसका चेहरा ढका हुआ था। उसने विपरीत दिशा से आकर उनकी चार सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया।
सांसद ने बताया, "चूंकि स्कूटी धीमी गति से आ रही थी, मुझे कोई शक नहीं हुआ। लेकिन अचानक उसने मेरी गर्दन से चेन खींच ली, जिससे मेरी गर्दन पर खरोंचें आईं। किसी तरह हम गिरने से बचे और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाए।"
कुछ देर बाद उन्हें एक पुलिस वाहन दिखा, जिसे रोककर उन्होंने घटना की सूचना दी। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सांसद रामकृष्णन ने इस वारदात को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में लिखा, "यह हमला चाणक्यपुरी जैसे हाई-सिक्योरिटी इलाके में हुआ, जहां देश-विदेश के दूतावास हैं। यदि यहां एक महिला सांसद भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की क्या गारंटी है?"
उन्होंने आगे कहा कि इस घटना से वह गहरे सदमे में हैं और उनसे कीमती सामान लूट लिया गया है। उन्होंने गृह मंत्री से अपील की है कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उन्हें न्याय मिले।





