Molitics Logo
होम Bihar Poll: "जैसे 15 साल पुरानी गाड़ियां बैन, वैसे ही 20 साल पुरानी सरकार भी जाए" - तेजस्वी

Bihar Poll: "जैसे 15 साल पुरानी गाड़ियां बैन, वैसे ही 20 साल पुरानी सरकार भी जाए" - तेजस्वी

तेजस्वी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, बिहार में 15 साल पुरानी गाड़ियों पर प्रतिबंध है क्योंकि वे ज्यादा धुआं छोड़ती हैं, प्रदूषण बढ़ाती है |

Bihar Poll: "जैसे 15 साल पुरानी गाड़ियां बैन, वैसे ही 20 साल पुरानी सरकार भी जाए" - तेजस्वी
फोटो: Tejashwi, Bihar Assembly Election
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार की नीतीश सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि जैसे राज्य में 15 साल पुरानी गाड़ियों के चलने पर प्रतिबंध है, ठीक वैसे ही 20 साल से सत्ता में बनी इस सरकार को भी बदल देना चाहिए। उन्होंने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को बिहार के लोगों पर "बोझ" करार देते हुए कहा कि अब इसे हटाने का समय आ गया है। तेजस्वी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, "बिहार में 15 साल पुरानी गाड़ियों पर प्रतिबंध है क्योंकि वे ज्यादा धुआं छोड़ती हैं, प्रदूषण बढ़ाती हैं और जनता के लिए हानिकारक होती हैं। तो फिर 20 साल पुरानी जोड़-तोड़, पलटा-पलटी वाली खटारा सरकार क्यों चले?"

उन्होंने आरोप लगाया कि दो दशक से सत्ता में बैठी यह सरकार बिहार की हर गली, हर गांव में गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध और पलायन रूपी भयंकर प्रदूषण फैला चुकी है। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि नीतीश कुमार और भाजपा गठबंधन ने 20 वर्षों में दो पीढ़ियों का जीवन बर्बाद कर दिया है और अब यह सरकार बिहारवासियों के लिए एक बोझ बन चुकी है।

"बिहार के युवा बदलाव के लिए तैयार"


तेजस्वी यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, "बिहार के युवाओं ने ठान लिया है कि अब 20 साल पुरानी खटारा, जर्जर, बीमार और थकी हुई अविश्वसनीय नीतीश-राजग सरकार को हटाकर नई सोच, नए नजरिए और नए जोश वाली सरकार लानी है।" उन्होंने दावा किया कि बिहार को एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो नौकरी, रोजगार और विकास के प्रति समर्पित हो और राज्य को नई दिशा दे।

तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर पर भी तंज कसते हुए कहा कि "नीतीश कुमार सत्ता में बने रहने के लिए लगातार पाला बदलते रहे हैं।" उन्होंने 2013 में भाजपा से नाता तोड़ा, फिर 2015 से 2017 के बीच RJD के साथ गठबंधन किया, लेकिन बाद में भाजपा में वापस लौट आए। 2022 में वह फिर से महागठबंधन का हिस्सा बने, मगर पिछले साल NDA में वापसी कर ली। तेजस्वी ने कहा, "बिहार की जनता अब इस बेकार सरकार से ऊब चुकी है और बदलाव चाहती है। अब समय आ गया है कि इस खटारा सरकार को हटाकर एक विश्वसनीय और जुनूनी सरकार बनाई जाए, जो बिहार को नया भविष्य दे सके।"

Read This Also:- Bihar Polls: 'चार दशक की राजनीति के बाद लालू यादव को पलायन की याद क्यों?', प्रशांत किशोर का तंज