नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में विपक्षी गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के दौरान नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।
NSUI नेता विनोद जाखड़ और अन्य कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया बहाल नहीं होती, तब तक उनका यह सत्याग्रह और विरोध प्रदर्शन रोजाना जारी रहेगा।
'वोट चोरी और संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप'
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि देश में मतदाता सूची में गड़बड़ियां और वोट चोरी के जरिए संवैधानिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कहना है कि संस्थाओं के प्रमुख निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय सरकार के एजेंडे पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों, युवाओं, महिलाओं और पत्रकारों पर हो रही पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यह लड़ाई केवल एक अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं, शिक्षा तंत्र और निष्पक्षता को बचाने की व्यापक लड़ाई है।





