11 बजे चंबा पहुंचेंगे अमित शाह, हिमाचल भाजपा नेता पहुंचे

 हिमाचल में सातवें व अंतिम चरण में होने वाले मतदान के लिए स्टार वार तेज हो गया है। दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के हिमाचल दौरे के बाद अब रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चुनावी अभियान को धार देंगे। शाह चंबा, बिलासपुर और सिरमौर जिले के नाहन में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। अमित शाह 11 बजे चंबा पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा के नेता चंबा में मंच पर पहुंच गए हैं।
सबसे पहले चंबा में होने वाली शाह की रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार को रैली स्थल पर पहुंचे। सुबह साढे़ नौ बजे होने वाली रैली के लिए चंबा प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वर्तमान में चारों संसदीय सीटों पर काबिज भाजपा इन्हें किसी भी सूरत पर खोना नहीं चाहती है, लिहाजा बड़ी सधी हुई रणनीति के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा तय किया गया है।