हिमाचल के मंडी में आज गरजेंगे पीएम मोदी, चढ़ेगा सियासी पारा

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के छोटी काशी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा को दोनों संसदीय क्षेत्रों में 2014 का प्रदर्शन दोहराने की चिंता से नरेंद्र मोदी बाहर निकालने का प्रयास करेंगे, जबकि कांग्रेस के समक्ष यहां पहाड़ जैसी चुनौतियां हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में राहुल गांधी के सहारे कांग्रेस आठवीं हार टालने का प्रयास करेगी। कांग्रेस की झोली में यहां 23 साल से सूखा ही आया है। यह क्षेत्र किसी समय कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। 1989 में प्रेम कुमार धूमल ने यहां कमल की ऐसी बुआई की थी, जिसकी काट कांग्रेस अब तक नहीं ढूंढ पाई है।
छोटी काशी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान से मोदी फिर देशहित में जनता से चारों कमल मांगेंगे। 2014 के चुनाव में भी मोदी ने यहीं से प्रदेश की जनता से चारों कमल मांगे थे। मोदी के निशाने पर यहां राहुल गांधी के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम व उनका परिवार भी रहेगा। भाजपा के बागी विधायक अनिल शर्मा पर मोदी कुछ बोलेंगे या नहीं इस बात पर भी सबकी नजर रहेगी। मोदी प्रदेश भाजपा के प्रभारी रहे हैं, वह यहां की समस्याओं से भलीभांति वाकिफ है। देवभूमि की जनता की नब्ज को अच्छी तरह से जानते हैं। अपने सुदामा यानी भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा के लिए इस बार वह क्षेत्र की जनता को क्या संदेश देकर जाएंगे यह भी देखने वाली बात होगी। रामस्वरूप शर्मा को यहां इस बार सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने चुनौती दी है। 

More videos

See All