रतिया में भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर हमलावर हुए सीएम मनोहर लाल, कहा- इस बार बाप-बेटे का होगा सफाया

देश के 85 करोड़ मतदाता मनपसंद सरकार चुनने का मन बना चुके हैं और चूंकि देश का मन है, इसलिए आएंगे तो मोदी ही। ये बात मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रतिया की अनाजमंडी के सामने स्थित मैदान में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री यहां पर सिरसा सीट से बीजेपी प्रत्याशी सुनीता दुग्गल के समर्थन में रैली कर रहे थे। उनके साथ बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला व प्रत्याशी सुनीता दुग्गल ने भी मंच से जनता को संबोधित किया। बीजेपी जिलाध्यक्ष वेद फुलां ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल व बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला का स्वागत किया।

रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आम चुनाव में अक्सर ये होता है कि विपक्षी अभियान चलाते हैं और सत्ता पक्ष अपनी बात रखता है, लेकिन इस बार सत्ता पक्ष की ओर से देश की जनता मोर्चा संभाले हुए है, ऐसे में देश का मन अपने आप में बीजेपी और मोदी सरकार की वापसी का सबूत दे रहा है। 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस के नेता एक स्थान से दूसरे स्थान पर भाग रहे हैं। केंद्र नेतृत्व को कह रहे हैं कि प्रदेश में राहुल गांधी का नाम मत लेना, सिर्फ कांग्रेस के नाम पर वोट मांग लेंगे। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने एक नेता को जींद उपचुनाव में खड़ा कर दिया जबकि वो पहले से विधायक था। इसी तरह पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सोनीपत में फंसाया गया है जबकि उनका बेटा रोहतक से चुनाव लड़ रहा है। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दावा किया कि इस बार दोनों बाप-बेटे का सफाया हो जाएगा। संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोगों से आह्वान किया कि वे हर व्यक्ति से वोट जरूर मांगना और ना केवल वोट मांगना, बल्कि वोटर को बूथ तक लेकर जाना।

More videos

See All