अहमदनगर लोकसभा सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस ने विधायक संग्राम जगताप को उतारा

अहमदनगर लोकसभा सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस की तरफ से विधायक संग्राम जगताप उम्मीदवार होंगे। बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील ने यह घोषणा की। अहमदनगर सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के उम्मीदवार संग्राम का भाजपा के संभावित प्रत्याशी सुजय विखे पाटील से मुकाबला होगा। संग्राम भाजपा के अहमदनगर के राहुरी सीट से विधायक शिवाजीराव कर्डिले के दामाद हैं। वहीं संग्राम के पिता अरूणकाका जगताप विधान परिषद के सदस्य हैं। जबकि भाजपा के लोकसभा के उम्मीदवार सुजय विधान सभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटील के बेटे हैं। 
सुजय अहमदनगर सीट पर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाह रहे थे लेकिन यह सीट राष्ट्रवादी कांग्रेस के कोटे में थी। राष्ट्रवादी कांग्रेस ने कांग्रेस के लिए यह सीट नहीं दी। इससे नाराज होकर सुजय भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा ने सुजय को टिकट देने की घोषणा की है। संग्राम और सुजय के बीच होने वाली टक्कर में भाजपा विधायक कर्डिले के सामने दुविधा की स्थिति होगी। क्योंकि कर्डिले के सामने एक तरफ अपने पार्टी के उम्मीदवार सुजय हैं और दूसरी ओर विपक्षी दल से उनके दामाद संग्राम प्रत्याशी हैं।