भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी का नया अध्याय
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा,
"राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-अमेरिका संबंधों को अपने नेतृत्व में सशक्त और गतिशील बनाया है। हम आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
उन्होंने 26/11 के मुंबई हमले के दोषी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण की मंजूरी के लिए ट्रंप को धन्यवाद दिया और इसे न्याय के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जिस तरह अमेरिका "Make America Great Again" (MAGA) के विजन पर आगे बढ़ रहा है, उसी तरह भारत भी "Make India Great Again" (MIGA) की दिशा में कार्यरत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब "MAGA" और "MIGA" एक साथ आते हैं, तो यह एक "MEGA Partnership for Prosperity" का निर्माण करता है।
रक्षा सहयोग और तकनीकी साझेदारी
PM मोदी ने भारत की रक्षा तैयारियों में अमेरिका की महत्वपूर्ण भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देश संयुक्त विकास (Joint Development), संयुक्त उत्पादन (Joint Production) और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर पर मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए "TRUST" (Transforming Relationship Utilizing Strategic Technology) समझौते पर सहमति बनी है।
इसके तहत क्रिटिकल मिनरल्स, एडवांस्ड मैटेरियल और फार्मास्यूटिकल्स की सप्लाई चेन को सशक्त बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका की साझेदारी लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाती है। उन्होंने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि बढ़ाने के लिए सहयोग को और मजबूत करने की बात कही।
"हम इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए क्वाड (Quad) की विशेष भूमिका को महत्व देते हैं। भारत और अमेरिका सीमापार आतंकवाद के उन्मूलन के लिए ठोस कार्रवाई करने पर सहमत हैं।"
ट्रंप ने भारत को बताया अहम साझेदार
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने भारत दौरे और प्रधानमंत्री मोदी की मेहमाननवाजी को याद किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दोनों देशों के बीच अरबों डॉलर की रक्षा डील शुरू हो रही है और क्वाड व इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को और मजबूत किया जाएगा।
ट्रंप ने यह भी ऐलान किया कि अमेरिका ने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के षड्यंत्रकारी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा,
"हम यह सुनिश्चित करेंगे कि राणा भारत में न्याय का सामना करे।"
ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापारिक असंतुलन को सुधारने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि वह "समान व्यापारिक अवसर" सुनिश्चित करना चाहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देश मिलकर भारत-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) के निर्माण में सहयोग करेंगे, जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े व्यापारिक मार्गों में से एक बनेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ व्यापार समझौते में सफल रहेंगे, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा,
"वह (PM मोदी) मुझसे कहीं ज्यादा टफ नेगोशिएटर हैं और मुझसे बेहतर डील कर सकते हैं। उनसे मेरा कोई मुकाबला नहीं है!"
Read This Also:- भारत-चीन सीमा विवाद पर ट्रंप की टिप्पणी, भारत ने दो टूक कहा- खुद सुलझाएंगे विवाद
Read This Also:- भारत-चीन सीमा विवाद पर ट्रंप की टिप्पणी, भारत ने दो टूक कहा- खुद सुलझाएंगे विवाद





