Molitics Logo
होम पीडीपी ने हमारे घोषणापत्र की नक़ल की है तो उम्मीदवार भी न उतारे- उमर अब्दुल्ला

पीडीपी ने हमारे घोषणापत्र की नक़ल की है तो उम्मीदवार भी न उतारे- उमर अब्दुल्ला

बीजेपी ने सोमवार सुबह विधानसभा चुनाव के लिए 44 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की, लेकिन पार्टी ने दो घंटे बाद ही लिस्ट वापस ले ली। इसके बाद पार्टी ने 15 उम्मीदवारों की नई लिस्ट जारी की।

पीडीपी ने हमारे घोषणापत्र की नक़ल की है तो उम्मीदवार भी न उतारे- उमर अब्दुल्ला
फोटो: पीडीपी ने हमारे घोषणापत्र की नक़ल की है तो उम्मीदवार भी न उतारे- उमर अब्दुल्ला
जम्मू कश्मीर में जैसे जैसे चुनाव की तारीख करीब आती जा रही है, वैसे वैसे राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होती नजर आ रही है। दरअसल, शनिवार को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया। जिस के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने पीडीपी के घोषणा पत्र का मजाक उड़ाते हुए कहा कि यह घोषणा पत्र हमारी पार्टी से कॉपी करके बनाया गया है। इसके अलावा बीजेपी ने सोमवार सुबह विधानसभा चुनाव के लिए 44 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की, लेकिन पार्टी ने दो घंटे बाद ही लिस्ट वापस ले ली। इसके बाद पार्टी ने 15 उम्मीदवारों की नई लिस्ट जारी की।


पीडीपी कांग्रेस और नेकां के खिलाफ न उतरे प्रत्याशी


नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “आपने (पीडीपी) पहले ही हमारा एजेंडा स्वीकार कर लिया है और अब आपके और हमारे एजेंडे में कोई खास अंतर नहीं है। ऐसे में तो फिर आप उम्मीदवार मत उतारिए और आइए, हम जम्मू-कश्मीर के लिए बेहतर कल का निर्माण करें।” अब्दुल्ला ने कहा कि पीडीपी ने नेकां के घोषणा पत्र की नकल की है, जिसमें पहले साल के भीतर 200 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने और एक लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे शामिल हैं। ये वादे नेकां अपने घोषणा पत्र में पहले ही कर चुका है।


पीडीपी के घोषणा पत्र में क्या?


पीडीपी की ओर से शनिवार को जारी किए घोषणा पत्र में कई महत्वपूर्ण वादे किये गए। घोषणा पत्र में कहा गया है कि पीडीपी की सरकार बनने के बाद हमारी सरकार 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देगी, पानी पर टैक्स खत्म करेंगे, जिन गरीबों के घर में एक से छह लोग हैं, उनके लिए हम मुफ्ती मोहम्मद सईद योजना फिर से लागू करेंगे क्योंकि उन्हें मिलने वाला चावल और राशन पर्याप्त नहीं है। इसके अलावा गरीबों को साल में 12 सिलेंडर का लाभ, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन के लाभ को दोगुना करेंगे। वहीं घोषणा पत्र में सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए), गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और शत्रु अधिनियम को रद्द करने के प्रयास की भी बात कही गई है।

बीजेपी ने वापस ली पहली लिस्ट

दूसरी और, बीजेपी में सोमवार सुबह विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। लेकिन लिस्ट जारी करने के दो घंटे के बाद ही पार्टी के लिस्ट वापस ले ली। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुबह 10 बजे लिस्ट जारी की गई थी लेकिन करीब 12 बजे पार्टी ने सोशल मीडिया से लिस्ट हटा ली। हालांकि, पार्टी ने एक घंटे बाद एक नई लिस्ट जारी की लेकिन इस लिस्ट में सिर्फ 15 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार वापस ली गई  लिस्ट में तीन चर्चित चेहरे दो पूर्व डिप्टी सीएम निर्मल सिंह, कविंद्र गुप्ता और जम्मू-कश्मीर के पार्टी अध्यक्ष रविंद्र रैना का नाम नहीं था। शायद इसलिए लिस्ट वापस ली गई। लेकिन जम्मू-कश्मीर के बीजेपी मीडिया प्रभारी ने बताया कि 44 उम्मीदवारों की पिछली सूची टाइपोग्राफिकल एरर के कारण रद्द की गई थी।