Molitics Logo
होम 'अब हिंदुत्व छोड़ने का ऐलान कर दे बीजेपी' – उद्धव ठाकरे का 'सौगात-ए-मोदी' पर तीखा हमला

'अब हिंदुत्व छोड़ने का ऐलान कर दे बीजेपी' – उद्धव ठाकरे का 'सौगात-ए-मोदी' पर तीखा हमला

उद्धव ठाकरे ने कहा, "बीजेपी उन लोगों को 'सौगात-ए-सत्ता' बांट रही है, जिनके घर बुलडोजर से गिराए गए थे और जिनके परिवार सांप्रदायिक दंगों में मारे गए थे।

'अब हिंदुत्व छोड़ने का ऐलान कर दे बीजेपी' – उद्धव ठाकरे का 'सौगात-ए-मोदी' पर तीखा हमला
फोटो: 'अब हिंदुत्व छोड़ने का ऐलान कर दे बीजेपी' – उद्धव ठाकरे का 'सौगात-ए-मोदी' पर तीखा हमला
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार के नए कैंपेन 'सौगात-ए-मोदी' को आड़े हाथों लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी को अब आधिकारिक रूप से स्वीकार कर लेना चाहिए कि उसने हिंदुत्व को त्याग दिया है। उद्धव ठाकरे ने कहा, "बीजेपी उन लोगों को 'सौगात-ए-सत्ता' बांट रही है, जिनके घर बुलडोजर से गिराए गए थे और जिनके परिवार सांप्रदायिक दंगों में मारे गए थे। जो लोग होली के समय मुस्लिम समुदाय पर तंज कसते थे, वे अब चुनाव के समय उन्हें पूरन पोली बांटने में लगे हैं। सवाल यह है कि यह सौगात सिर्फ बिहार चुनाव तक सीमित रहेगी या फिर आगे भी जारी रहेगी?"

 'बीजेपी सत्ता जिहाद पर उतर आई'


शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख ने बीजेपी की इस पहल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह अभियान महज बिहार विधानसभा चुनाव के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "बीजेपी सत्ता जिहाद पर उतर आई है। पहले यही लोग चिल्ला रहे थे कि उद्धव ठाकरे ने हिंदुत्व छोड़ दिया, लेकिन अब खुद 'सौगात-ए-मोदी' अभियान चला रहे हैं। 32,000 बीजेपी कार्यकर्ता इस सौगात को बांटने जा रहे हैं। जो कभी कहते थे 'बंटेंगे तो कटेंगे', वे अब खुद इसे बांटने निकले हैं।"

क्या है 'सौगात-ए-मोदी' अभियान?


मोदी सरकार के इस कैंपेन के तहत मुस्लिम समुदाय के लोगों को रमज़ान और ईद के मौके पर विशेष किट वितरित की जा रही है। इस किट में खाने-पीने की चीज़ों के साथ-साथ कपड़े, सेवइयां, खजूर, ड्राई फ्रूट्स और चीनी शामिल हैं। महिलाओं के लिए सूट का कपड़ा दिया जा रहा है, जबकि पुरुषों को कुर्ता-पायजामा दिया जा रहा है। हर किट की अनुमानित कीमत 500-600 रुपये बताई जा रही है।

बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने इस अभियान के पीछे की मंशा स्पष्ट करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ भारतीयों के प्रधानमंत्री हैं। त्यौहार का समय है, रमज़ान चल रहा है और ईद आने वाली है। हमारे कार्यकर्ता इस मौके पर मोदी किट वितरित करेंगे, जिसमें सेवइयां, बेसन, ड्राई फ्रूट्स, दूध, चीनी जैसी चीजें होंगी।" उन्होंने आगे बताया कि यह किट पूरे देश में बांटी जाएगी। इस अभियान के तहत 32,000 बीजेपी पदाधिकारी हर एक 100 परिवारों तक इस किट को पहुंचाएंगे।

Read This Also:- परफ्यूम पार्क और गौशाला पर अखिलेश के बयान से मचा घमासान, बीजेपी ने बताया सनातन विरोधी