शपथ ग्रहण समारोह में अरबपति, उद्योगपति, कैबिनेट सदस्य और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपतियों सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। अपने उद्घाटन भाषण में, ट्रंप ने अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर नेशनल इमरजेंसी की घोषणा करते हुए कहा कि अवैध प्रवास और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।
राष्ट्रपति ट्रंप की प्रमुख घोषणाएं
- नेशनल इमरजेंसी: दक्षिणी सीमा पर अवैध प्रवासियों को रोकने के लिए सेना तैनात होगी।
- 'रिमेन इन मेक्सिको' नीति की वापसी: आव्रजन प्रक्रिया को नियंत्रित करने के लिए इस नीति को फिर से लागू किया जाएगा।
- कैच एंड रिलीज प्रथा का अंत: अवैध प्रवासियों को पकड़ने के बाद रिहा करने की नीति खत्म होगी।
- क्रिमिनल कार्टेल्स: इन संगठनों को विदेशी आतंकी संगठनों के रूप में घोषित किया जाएगा।
- सेंसरशिप पर रोक: अमेरिका में फ्री स्पीच की रक्षा के लिए सेंसरशिप पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।
- थर्ड जेंडर समाप्त: अब अमेरिका में केवल मेल और फीमेल जेंडर मान्य होंगे।
- कोविड पॉलिसी के शिकार कर्मचारियों को राहत: निष्कासित कर्मचारियों को बहाल किया जाएगा और उन्हें मुआवजा भी मिलेगा।
- गल्फ ऑफ अमेरिका: गल्फ ऑफ मेक्सिको का नाम बदलकर गल्फ ऑफ अमेरिका करने का ऐलान।
- पनामा नहर पर नियंत्रण: चीन के प्रभाव को समाप्त करते हुए नहर पर अमेरिकी प्रभुत्व की प्रतिबद्धता।
'अमेरिका फर्स्ट' नीति का वादा
ट्रंप ने पनामा नहर को लेकर कहा कि इसे पनामा को सौंपना एक रणनीतिक भूल थी। उन्होंने चीन के बढ़ते प्रभाव को खतरा बताते हुए नहर को अमेरिका के नियंत्रण में वापस लाने का संकल्प जताया। अपने भाषण में ट्रंप ने कहा, "हम अमेरिका को एक बार फिर समृद्ध और शक्तिशाली बनाएंगे। हमारे राष्ट्र की प्राथमिकता उसकी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा करना होगी।" उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रशासन हर कदम पर अमेरिका फर्स्ट नीति का पालन करेगा। ट्रंप ने कहा, "कुछ लोग मेरे मिशन को रोकने के लिए मेरी जान तक लेना चाहते थे। लेकिन ईश्वर ने मुझे बचाया, ताकि मैं अमेरिका को फिर से महान बना सकूं।"
उन्होंने घोषणा की कि उनके प्रशासन का उद्देश्य केवल युद्ध जीतना नहीं होगा, बल्कि उन युद्धों को समाप्त करना भी होगा जो वर्षों से चले आ रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि आज से अमेरिका एक नए युग की ओर कदम बढ़ाएगा। ट्रंप ने कहा, "हम अपनी सफलता का माप केवल लड़ाइयों की जीत से नहीं, बल्कि शांति और समृद्धि से करेंगे। आज से हम अमेरिका के गौरव को फिर से बहाल करेंगे।"
ट्रंप की ये घोषणाएं उनके दूसरे कार्यकाल की दिशा और उनकी 'अमेरिका फर्स्ट' नीति का स्पष्ट संकेत हैं। अब देखना यह होगा कि उनके नेतृत्व में अमेरिका किस दिशा में आगे बढ़ता है।
Read This Also:- डोनाल्ड ट्रंप के शपथ समारोह में भारत को मिली विशेष तवज्जो, PM मोदी की जगह एस. जयशंकर ने लिया भाग
Read This Also:- डोनाल्ड ट्रंप के शपथ समारोह में भारत को मिली विशेष तवज्जो, PM मोदी की जगह एस. जयशंकर ने लिया भाग





