Molitics Logo
होम Delhi Polls: 'शराब घोटाला' से लेकर 'आंबेडकर अपमान' तक, संबित पात्रा ने केजरीवाल पर किए तीखे हमले

Delhi Polls: 'शराब घोटाला' से लेकर 'आंबेडकर अपमान' तक, संबित पात्रा ने केजरीवाल पर किए तीखे हमले

पात्रा ने सिसोदिया पर 338 करोड़ रुपये की मनी ट्रेल का आरोप लगाया, जबकि सत्येंद्र जैन पर मनी लॉन्ड्रिंग और आबकारी नीति में भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र किया।

Delhi Polls: 'शराब घोटाला' से लेकर 'आंबेडकर अपमान' तक, संबित पात्रा ने केजरीवाल पर किए तीखे हमले
फोटो: Delhi Polls, Delhi Assembly Election, Sambit Patra
बीजेपी नेता संबित पात्रा ने दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम पर भ्रष्टाचार, दलित समुदाय के अपमान और प्रशासनिक विफलता जैसे गंभीर आरोप लगाए। पात्रा ने पंजाब के अमृतसर में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर हुए हमले को लेकर आप सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि 30-35 फीट ऊंची इस मूर्ति पर हथौड़े से हमला हुआ, लेकिन राज्य प्रशासन और सरकार ने इसे रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने इस घटना को "दलित समाज का अपमान" करार देते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल की सहमति के बिना ऐसी घटनाएं संभव नहीं हो सकतीं।

बीजेपी प्रवक्ता ने दलित समुदाय के खिलाफ साजिश का आरोप लगाते हुए केजरीवाल को उनके चुनावी वादों की याद दिलाई। पात्रा ने कहा कि केजरीवाल ने चुनाव से पहले दलित उपमुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था, लेकिन इसे कभी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने इसे दलित समाज के साथ धोखा बताया और मांग की कि केजरीवाल अमृतसर जाकर अंबेडकर की मूर्ति के सामने माफी मांगें और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें।

संबित पात्रा ने एक अन्य विवाद का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल की तस्वीर संविधान की प्रतियों पर लगाई गई, जिसे उन्होंने संविधान और बाबा साहेब अंबेडकर दोनों का अपमान बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि एक "भ्रष्ट नेता" की तस्वीर संविधान पर कैसे लगाई जा सकती है। आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए पात्रा ने इसे "घोटालों और बेलगाड़ी की सरकार" करार दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता जेल जाते हैं और फिर जमानत पर बाहर आते हैं। इस दौरान उन्होंने मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह, आतिशी और अमानतुल्लाह खान का जिक्र कर आप नेताओं पर निशाना साधा। 

पात्रा ने सिसोदिया पर 338 करोड़ रुपये की मनी ट्रेल का आरोप लगाया, जबकि सत्येंद्र जैन पर मनी लॉन्ड्रिंग और आबकारी नीति में भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र किया। उन्होंने यह भी कहा कि सत्येंद्र जैन जेल में मसाज और पकोड़ों का आनंद लेते पाए गए। पात्रा ने संजय सिंह को अग्निपथ योजना पर झूठी खबर फैलाने का दोषी ठहराया और आतिशी पर अपने रिश्तेदार के न्यूज चैनल को 17 करोड़ रुपये देने का आरोप लगाया। 

वहीं, अमानतुल्लाह खान पर अवैध संपत्ति और मीडिया को धमकाने के आरोप लगाए गए।  अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए पात्रा ने उनके घर पर 45 करोड़ रुपये खर्च करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जब देश कोरोना महामारी से जूझ रहा था, तब केजरीवाल जनता का पैसा अपने निजी आराम पर खर्च कर रहे थे। पात्रा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल अब "शराब घोटाले, बेल पर बाहर नेताओं और प्रशासनिक विफलताओं" के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल प्रचार और झूठी राजनीति में लिप्त है।

Read This Also:- Delhi Polls: 132 उम्मीदवारों पर दर्ज हैं आपराधिक मामले, BJP प्रत्याशी है सबसे अमीर