Molitics Logo
होम दिल्ली की बदहाल मंडियों पर बरसीं सीएम रेखा गुप्ता, कहा- 15 साल से नहीं हुआ कोई विकास कार्य

दिल्ली की बदहाल मंडियों पर बरसीं सीएम रेखा गुप्ता, कहा- 15 साल से नहीं हुआ कोई विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा दिल्ली की मंडियों की हालत दयनीय है। पिछले 10–15 वर्षों में यहां कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। न सफाई है न सड़कें दुरुस्त हैं और न ही सुरक्षा |

दिल्ली की बदहाल मंडियों पर बरसीं सीएम रेखा गुप्ता, कहा- 15 साल से नहीं हुआ कोई विकास कार्य
फोटो: दिल्ली की बदहाल मंडियों पर बरसीं सीएम रेखा गुप्ता, कहा- 15 साल से नहीं हुआ कोई विकास कार्य
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को मंत्री कपिल मिश्रा के साथ उत्तरी दिल्ली की आज़ादपुर मंडी के निरीक्षण पर पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर सीधा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली की मंडियों की हालत दयनीय है। पिछले 10–15 वर्षों में यहां कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। न सफाई है, न सड़कें दुरुस्त हैं और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम। यहां रोज़ सैकड़ों लोग काम करते हैं, लेकिन सुविधाएं नदारद हैं।” 


सीएम रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि, “आम आदमी पार्टी ने इन मंडियों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। आज हम इनकी ज़मीनी हालत देखने आए हैं। अब इन मंडियों का आधुनिकरण किया जाएगा, और व्यवस्थाओं का पुनर्गठन करते हुए सुरक्षा को भी मजबूत बनाया जाएगा।” तुर्की और अजरबैजान के खिलाफ भारतीय व्यापारियों और पर्यटकों के बहिष्कार को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम ने कहा, “अगर कोई भी देश भारत के खिलाफ खड़ा होता है या आतंकवाद का समर्थन करता है, तो भारत की जनता उसका हर स्तर पर बहिष्कार करेगी। भारत आतंकवाद के खिलाफ पूरी तरह एकजुट है।”

इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में 20 दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान की घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि दिल्ली के इतिहास में पहली बार तीनों स्तर की सरकारें एक मंच पर आई हैं, और इस साझा प्रयास से राजधानी को स्वच्छ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। 

रेखा गुप्ता ने कहा, “दिल्ली में पहली बार तीनों स्तरों की सरकारें—दिल्ली सरकार, एमसीडी और पुलिस—एक साथ काम कर रही हैं। एक संयुक्त बैठक में सभी ज़िलाधिकारियों (DM), उपायुक्तों (DC), पुलिस अधिकारियों (DCP) और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। आने वाले 20 दिनों में दिल्ली में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिससे शहर की सूरत बदलेगी।”