कर्पूरी ठाकुर को गाली देने वाले ही आज दे रहे हैं भारत रत्न – तेजस्वी
सोमवार को कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने कहा, "कर्पूरी ठाकुर जी को कभी जो लोग भर-भर कर गालियां देते थे, आज वही लोग उन्हें भारत रत्न दे रहे हैं। लालू यादव जी को भी बीजेपी वाले कोसते हैं, लेकिन समय बदलेगा और एक दिन उन्हें भी भारत रत्न देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।"
उन्होंने आगे कहा कि लालू यादव और राबड़ी देवी ने कर्पूरी ठाकुर की नीतियों को आगे बढ़ाया और आरक्षण की सीमा 18% तक बढ़ाई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने आरक्षण को लेकर आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। तेजस्वी ने यह भी कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में सरकार बनाना उनकी ज़िम्मेदारी है और उनकी पार्टी केवल उन्हीं उम्मीदवारों को टिकट देगी, जो वैचारिक रूप से पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध होंगे।
जेडीयू का पलटवार – "लालू को पुरस्कार नहीं, सजा मिली है"
आरजेडी नेता के इस बयान पर जेडीयू की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई। पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, "अगर भ्रष्टाचार और जेल की सजा काटने के लिए कोई पुरस्कार होता, तो लालू यादव को वह जरूर मिलना चाहिए था।" उन्होंने याद दिलाया कि लालू यादव को चारा घोटाले से जुड़े कई मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है, साथ ही रेलवे घोटाले और नौकरियों के बदले जमीन लेने के आरोप भी उन पर लगे हैं।
तेजस्वी यादव के बयान पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव अपने पिता की विरासत से शर्मिंदगी महसूस करते हैं। वे लालू यादव का नाम छुपाना चाहते हैं, लेकिन पश्चाताप करने को तैयार नहीं हैं।"
गौरतलब है कि बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में तेजस्वी यादव और सत्ताधारी एनडीए के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। लालू यादव को भारत रत्न दिए जाने की मांग ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।
Read This Also:- Bihar: पटना में ताबड़तोड़ गोलीबारी से मची अफरा-तफरी, बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने किया घेराव
Read This Also:- Bihar: पटना में ताबड़तोड़ गोलीबारी से मची अफरा-तफरी, बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने किया घेराव





