जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा,
“अगर कांग्रेस में हिम्मत है तो वह आज ही तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करे।”
उन्होंने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या कांग्रेस एक “दागदार नेता” के आगे आत्मसमर्पण करेगी? साथ ही चेतावनी दी कि,
“ईडी सक्रिय है, सावधान रहें। बिहार में हेराफेरी की तो कानून अपना काम करेगा।”
नीरज कुमार ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और वाम दलों की तुलना में आरजेडी के प्रदर्शन को कमजोर बताया और कहा कि एनडीए में नेतृत्व को लेकर कोई भ्रम नहीं है।
“नीतीश कुमार ही 2025 और 2030 के विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री पद के चेहरे होंगे।”
आरजेडी का पलटवार – बीजेपी नीतीश को CM उम्मीदवार घोषित करे
जेडीयू की इस चुनौती पर आरजेडी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है। पार्टी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पलटवार करते हुए कहा,
“बीजेपी में हिम्मत है तो वह सार्वजनिक रूप से नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करे। सिर्फ जुबानी दावा काफी नहीं।”
उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी को हरियाणा के मुख्यमंत्री के उस बयान का खंडन करना चाहिए जिसमें उन्होंने सम्राट चौधरी को बिहार का नेतृत्वकर्ता बताया था।
“एनडीए बिहार में डूबता हुआ जहाज है। बीजेपी और जेडीयू का गठबंधन टूटने की कगार पर है।”
आरजेडी प्रवक्ता ने दावा किया कि कांग्रेस आलाकमान तेजस्वी यादव की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी को लेकर सहमति जता चुका है। उन्होंने कहा कि आज की राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की मुलाकात महागठबंधन को और मज़बूती देगी।
“यह बैठक सीट बंटवारे और आगामी विधानसभा चुनावों में सीएम चेहरे पर अंतिम सहमति की दिशा में अहम साबित हो सकती है।”
गौरतलब है कि आरजेडी पहले ही तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर चुकी है, जबकि कांग्रेस इस पर अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं ले पाई है। ऐसे में दिल्ली में होने वाली यह बैठक महागठबंधन की रणनीति और नेतृत्व को लेकर बेहद अहम मानी जा रही है।





