Molitics Logo
होम योगी के 'उर्दू प्रेम' वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार – 'खराब योगी बनना ठीक नहीं'

योगी के 'उर्दू प्रेम' वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार – 'खराब योगी बनना ठीक नहीं'

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, मौलाना बनना भी अच्छा है और योगी बनना भी अच्छा है, बस खराब योगी बनना सही नहीं है।

योगी के 'उर्दू प्रेम' वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार – 'खराब योगी बनना ठीक नहीं'
फोटो: Akhilesh yadav, Yogi
उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (SP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा पर 'दोहरे चरित्र' का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अन्य भाषाओं की तुलना में उर्दू को अधिक महत्व देती है। इस बयान के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया। अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मौलाना बनना भी अच्छा है और योगी बनना भी अच्छा है, बस खराब योगी बनना सही नहीं है।" उनके इस बयान को योगी सरकार पर एक कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।

'मेरे दिए लैपटॉप आज भी चल रहे हैं'


पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने छात्रों की शिक्षा को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान छात्रों को बड़ी संख्या में लैपटॉप बांटे गए थे। उन्होंने दावा किया कि, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र में भी कम से कम 200 छात्र ऐसे होंगे, जिन्हें हमारी सरकार में लैपटॉप मिला था। मेरी गारंटी है कि वे लैपटॉप आज भी चालू हालत में होंगे।" 

सपा अध्यक्ष ने यूपी पुलिस के आधुनिकीकरण को लेकर भी अपनी सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "डायल 100 हमारी सरकार में टेक्नोलॉजी-बेस्ड योजना के रूप में शुरू की गई थी। बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए हमने कन्या योजनाओं की शुरुआत की थी। हम किसी भाषा या पढ़ाई के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने वाले लोग हैं। वर्तमान सरकार को यह तक नहीं पता कि किस दिशा में जाना है।"

2027 में कांग्रेस से गठबंधन पर दिया बयान


अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या कांग्रेस और सपा के बीच मतभेद चल रहे हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, "कोई खटपट नहीं है। आप ही बताइए, क्या हमने कांग्रेस की मदद नहीं की? हम समाजवादी लोग हैं और 'इंडिया गठबंधन' को मजबूत करेंगे। आने वाले चुनावों में भी कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।" उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा इस आधार पर होगा कि जहां जिसकी जीतने की संभावना मजबूत होगी, वहां उसी पार्टी को उम्मीदवार देने का मौका मिलेगा।

बजट पर सरकार को घेरा


देश के आम बजट को लेकर भी अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बजट पूरी तरह से निराशाजनक रहा। यूपी के बजट को लेकर भी उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधा और कहा, "जब राज्य सरकार सारा पैसा कुंभ में ही लगा देगी, तो किसानों को क्या देगी? एक योगी से आप क्या उम्मीद कर सकते हैं? वे सिर्फ झूठ बोलते हैं।" उन्होंने कुंभ में नहाने के पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा, "NGT (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) ने साफ कर दिया है कि गंगा का पानी गंदा है और नहाने लायक नहीं है।"

Read This Also:- UP Budget Session: 'अकबर का किला जानते हैं, सरस्वती कूप से अनजान', CM योगी ने साधा सपा पर निशाना