Molitics Logo
होम अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला: महाकुंभ भगदड़ में मृतकों की संख्या छिपाने का आरोप

अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला: महाकुंभ भगदड़ में मृतकों की संख्या छिपाने का आरोप

महाकुंभ में हुई भगदड़ के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार घटना को लेकर तथ्य |

अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला: महाकुंभ भगदड़ में मृतकों की संख्या छिपाने का आरोप
फोटो: Akhilesh Yadav, Mahakumbh, Yogi
महाकुंभ में हुई भगदड़ के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार घटना को लेकर तथ्य छिपा रही है, खासकर उन लोगों की संख्या को जो इस हादसे में अपनी जान गंवा चुके हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर मृतकों की संख्या को छिपाया है, ताकि मुआवजा देने से बचा जा सके। उनका कहना था कि सरकार के इस रवैये से यह साफ हो रहा है कि वह अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है। दिल्ली में संसद के बजट सत्र में भाग लेने पहुंचे अखिलेश ने कहा कि आज इस सत्र में बजट के मुद्दे पर नहीं, बल्कि महाकुंभ में हुई त्रासदी पर बात होगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उत्तर प्रदेश की सरकार नैतिक रूप से पूरी तरह नाकाम हो चुकी है, और अब यह देखना होगा कि सरकार राजनीतिक रूप से कब गिरती है।

 अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार के बहकावे में आने से बचें और उनके द्वारा की जा रही गलत बयानी पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि अब तो साधु-संत भी मुख्यमंत्री पर आरोप लगा रहे हैं, कुछ सीधे-सीधे तो कुछ बिन बोले। उनका कहना था कि जब साधु-संत मुख्यमंत्री को झूठा कह सकते हैं तो यह सरकार की नैतिक हार को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि वीआईपी लोगों के लिए अलग इंतजाम था, लेकिन हादसा उस स्थान पर हुआ जहां आम लोगों के लिए स्नान की व्यवस्था की गई थी। अखिलेश ने सवाल उठाया कि जब सरकार ने आम लोगों को आमंत्रित किया था, तो क्या उनके लिए उचित इंतजाम किए गए थे?

 अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि इस समय का मुख्य उद्देश्य बजट पर चर्चा नहीं, बल्कि कुंभ में मारे गए लोगों की शांति के लिए बात करना है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मृतकों की सही संख्या और उनके नामों की सूची जारी की जाए, ताकि उनके परिवारों को सम्मान के साथ अंतिम संस्कार का मौका मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी नाकामी छिपाने के बजाय सच्चाई को सामने लाना चाहिए और जिन लोग अभी भी रास्तों पर फंसे हैं, उनके लिए जरूरी इंतजाम करने चाहिए। 

अखिलेश ने प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि झूंसी में हुई दूसरी भगदड़ पर भी प्रशासन ने कोई जानकारी नहीं दी, जो कि और भी चिंताजनक है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष और समाजवादी पार्टी का यह आरोप है कि जब इतनी भारी भीड़ को कुंभ में बुलाया गया, तो उनके लिए प्रशासन ने कोई उचित इंतजाम नहीं किया। उनका कहना था कि अगर सरकार लोगों को आमंत्रित करती है, तो उसके बाद उनकी सुरक्षा और अन्य सुविधाओं के लिए जिम्मेदारी बनती है, जो कि इस घटना में नदारद रही।

Read This Also:- Budget Session: अखिलेश यादव के हंगामे पर स्पीकर ओम बिरला का तीखा रुख, संसद में क्या हुआ?