Molitics Logo
होम पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस किया बंद

पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस किया बंद

पहलगाम आतंकी हमले और इसके बाद पड़ोसी देश के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारत ने बुधवार, 30 अप्रैल 2025 को एक बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तानी एयरलाइनों को भारतीय |

पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस किया बंद
फोटो: पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस किया बंद
पहलगाम आतंकी हमले और इसके बाद पड़ोसी देश के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारत ने बुधवार, 30 अप्रैल 2025 को एक बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तानी एयरलाइनों को भारतीय हवाई क्षेत्र के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में एक नोटम (Notice to Airmen) जारी किया गया है, जिसके तहत पाकिस्तान की किसी भी व्यावसायिक एयरलाइन को अब भारत के हवाई क्षेत्र से होकर उड़ान भरने की अनुमति नहीं होगी। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने भारतीय विमानन कंपनियों को अपने हवाई क्षेत्र के उपयोग से वंचित कर दिया था।

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सुरक्षा चिंताओं के चलते पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) ने बुधवार को गिलगित, स्कार्दू और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के अन्य उत्तरी इलाकों से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दीं। उर्दू दैनिक 'जंग' के अनुसार, कराची और लाहौर से स्कार्दू के लिए प्रस्तावित दो-दो उड़ानें स्थगित कर दी गईं। साथ ही इस्लामाबाद से स्कार्दू और गिलगित के लिए निर्धारित सभी उड़ानें भी रद्द की गई हैं।

'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र की सुरक्षा और निगरानी कड़ी कर दी है। अखबार ने बताया, "सुरक्षा कारणों से बुधवार को गिलगित और स्कार्दू के सभी वाणिज्यिक विमानों की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।" 

अधिकारियों के अनुसार, यह एक एहतियाती कदम है, जिसका उद्देश्य तनावपूर्ण माहौल के बीच राष्ट्रीय एयरस्पेस की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके तहत सभी प्रमुख हवाई अड्डों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और निगरानी प्रोटोकॉल में सख्ती लाई गई है।