कर्तव्य भवन में शिफ़्ट होंगे मंत्रालय
वर्तमान में केंद्र सरकार के अधिकांश मंत्रालय और विभाग दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में दशकों पुरानी इमारतों जैसे शास्त्री भवन, कृषि भवन, उद्योग भवन और निर्माण भवन से संचालित हो रहे हैं। इनमें गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, एमएसएमई मंत्रालय, कृषि और पेट्रोलियम मंत्रालय जैसे प्रमुख विभाग शामिल हैं। सरकार की योजना है कि इन सभी को एक साझा परिसर में स्थानांतरित किया जाए, जिससे न केवल प्रशासनिक समन्वय बेहतर हो बल्कि पुरानी इमारतों के रखरखाव पर होने वाला खर्च भी घटे।
आधुनिक तकनीक और पर्यावरण अनुकूल डिजाइन
करीब 1.5 लाख वर्ग मीटर में फैले इस अत्याधुनिक भवन में दो बेसमेंट और सात मंजिलें हैं। इसमें निम्नलिखित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी:
- स्मार्ट आईडी कार्ड आधारित प्रवेश प्रणाली
- एकीकृत इलेक्ट्रॉनिक निगरानी तंत्र
- सेंट्रल कमांड सेंटर
- रूफटॉप सोलर पैनल और सोलर वॉटर हीटिंग सिस्टम
- वर्षा जल संचयन प्रणाली
- आधुनिक HVAC (हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग) तकनीक
भवन को पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप डिजाइन किया गया है और इसका लक्ष्य GRIHA-4 रेटिंग प्राप्त करना है। जल संरक्षण और ऊर्जा दक्षता को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश किया गया है।





