Molitics Logo
होम राष्ट्रीय जीतन राम मांझी ने PM मोदी के साथ बने रहने का किया वादा, बोले- "मरते दम तक साथ नहीं छोड़ूंगा"
राष्ट्रीय

जीतन राम मांझी ने PM मोदी के साथ बने रहने का किया वादा, बोले- "मरते दम तक साथ नहीं छोड़ूंगा"

मांझी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, "मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं मरते दम तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ नहीं छोडूंगा। देश और बिहार के हित में हम पूरी |

जीतन राम मांझी ने PM मोदी के साथ बने रहने का किया वादा, बोले- "मरते दम तक साथ नहीं छोड़ूंगा"
फोटो: Jitan Ram Manjhi
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मंगलवार को मोदी कैबिनेट छोड़ने की अफवाहों पर अपनी चुप्पी तोड़ी और इसे झूठी खबर करार दिया। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। अपने एक्स अकाउंट पर मांझी ने लिखा, "कुछ वेब पोर्टल और समाचार चैनल झूठी खबरें फैला रहे हैं कि मैं कैबिनेट से इस्तीफा देने वाला हूं। जबकि, मैंने केवल मुंगेर के कार्यक्रम में देरी के कारण मजाक में कहा था कि आप लोग देर करेंगे तो मेरी फ्लाइट छूट जाएगी और मुझे कैबिनेट छोड़ना पड़ेगा।"

पीएम मोदी के साथ अटूट समर्थन का दावा


मांझी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, "मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं मरते दम तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ नहीं छोडूंगा। देश और बिहार के हित में हम पूरी तरह से एनडीए के साथ खड़े हैं। कुछ मीडिया संस्थान विपक्ष के इशारे पर हमें बांटने की साजिश कर रहे हैं। मैं उन्हें चेतावनी देता हूं कि वे अपनी हरकतों से बाज आएं, वरना उनके खिलाफ न्यायालय और प्रेस काउंसिल में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।"

मांझी ने क्या कहा था?


इससे पहले मुंगेर में एक कार्यक्रम के दौरान मांझी ने एनडीए में उचित तवज्जो न मिलने की बात कही थी, जिससे उनकी नाराजगी की अटकलें लगाई गईं। कार्यक्रम में उन्होंने यह भी कहा था कि यदि यह स्थिति जारी रही, तो उन्हें कैबिनेट छोड़ने पर विचार करना पड़ सकता है। हालांकि, पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका एनडीए से कोई मतभेद नहीं है। मांझी ने मीडिया से कहा, "मुझे जो बड़ा पद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है, वह मामूली बात नहीं है। मैं दिल्ली चुनाव में पूरी तरह एनडीए के पक्ष में हूं। कुछ लोग बेवजह अफवाहें फैला रहे हैं।"

मांझी ने कहा कि उनकी बात को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है, जो विपक्ष की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने झूठी खबरें फैलाने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Read This Also:- Delhi Polls: चुनाव में उतरेंगे PM मोदी से लेकर केंद्रीय मंत्री, BJP का बड़ा प्रचार अभियान तय