Molitics Logo
होम राष्ट्रीय Ahmedabad Plane Crash: PM मोदी ने लिया स्थिति का जायजा, घायलों से की मुलाकात
राष्ट्रीय

Ahmedabad Plane Crash: PM मोदी ने लिया स्थिति का जायजा, घायलों से की मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी ने इस भीषण हादसे के बाद सबसे पहले घटनास्थल का दौरा किया, जहां उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद वे सीधे |

Ahmedabad Plane Crash: PM मोदी ने लिया स्थिति का जायजा, घायलों से की मुलाकात
फोटो: Ahmedabad Plane Crash: PM मोदी ने लिया स्थिति का जायजा, घायलों से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अहमदाबाद में हुए भीषण एअर इंडिया विमान हादसे की जगह का दौरा किया और हादसे की विस्तृत जानकारी मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से ली। पीएम मोदी के साथ नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने उस हॉस्टल परिसर का भी निरीक्षण किया जिस पर विमान गिरा था। यह हादसा अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में हुआ था, जिसमें कुल 266 लोगों की जान गई — इनमें से 241 यात्री और चालक दल के सदस्य विमान में सवार थे, जबकि 25 लोग जमीन पर मौजूद थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं।

क्रैश साइट के दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सिविल अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें राज्य और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

विमान हादसे में ब्रिटिश मूल के भारतीय नागरिक विश्वास कुमार इकलौते जीवित बचे यात्री हैं। डॉक्टरों के अनुसार, विश्वास ने बताया कि दुर्घटना के वक्त विमान दो हिस्सों में टूट गया और वह अपनी सीट समेत बाहर आ गिरे, जिससे वह आग की चपेट में आने से बच गए। उन्होंने विशेष रूप से यह स्पष्ट किया कि उन्होंने विमान से कूदकर नहीं बल्कि हादसे के चलते सीट समेत बाहर आकर जान बचाई।

हादसे की पृष्ठभूमि एअर इंडिया की फ्लाइट AI171, जो बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान था, गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी। टेकऑफ के महज कुछ ही क्षणों बाद यह विमान मेघाणीनगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय नागरिकों के अलावा ब्रिटेन, पुर्तगाल और कनाडा के नागरिक भी शामिल थे। हादसे की जांच भारत का विमानन दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) कर रहा है, जिसमें अमेरिका और ब्रिटेन की विशेषज्ञ एजेंसियां भी सहयोग कर रही हैं।