Molitics Logo
होम चुनाव Delhi Polls: 'भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं, अनैतिक गतिविधियों में लिप्त'- AAP उम्मीदवार दुर्गेश पाठक
चुनाव

Delhi Polls: 'भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं, अनैतिक गतिविधियों में लिप्त'- AAP उम्मीदवार दुर्गेश पाठक

राजिंदर नगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार दुर्गेश पाठक ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर चुनाव में हार के डर से अनैतिक |

Delhi Polls: 'भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं, अनैतिक गतिविधियों में लिप्त'- AAP उम्मीदवार दुर्गेश पाठक
फोटो: BJP , Durgesh Pathak
राजिंदर नगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार दुर्गेश पाठक ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर चुनाव में हार के डर से अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा फर्जी वोट बनवा रही है और इस मामले को लेकर चुनाव आयोग को सूचित किया गया है। पाठक ने कहा, "भाजपा चुनाव हारने के डर से अनैतिक व्यवहार कर रही है। हर भाजपा कार्यकर्ता 2-3 हजार वोट हटवाने के लिए याचिका दायर कर रहा है। लोगों के घरों में 1,100-1,100 रुपये बांटे जा रहे हैं और फर्जी वोट बनाए जा रहे हैं। हमने इस मामले की पूरी जानकारी कल चुनाव आयोग को दी है।"

संजय सिंह का BJP पर तीखा हमला

AAP सांसद संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने भाजपा को "गली-गलौच पार्टी" बताते हुए कहा कि पार्टी के नेता मतदाताओं को खरीदने के लिए पैसे बांट रहे हैं। संजय सिंह ने कहा, "हमें जानकारी मिली है कि भाजपा ने अपने नेताओं को वोट खरीदने के लिए 10-10 हजार रुपये दिए। लेकिन उनके नेताओं ने 9,000 रुपये बचा लिए और सिर्फ 1,100 रुपये बांटने शुरू कर दिए।" उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए कहा, "क्या आपने अपने नेताओं को मतदाताओं में बांटने के लिए पैसे दिए? दिल्ली के लोग अब भाजपा के भ्रष्टाचार को समझ गए हैं।"

केजरीवाल ने लगाया मतदान में धोखाधड़ी का आरोप

AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मतदान में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने स्थानीय चुनाव अधिकारी पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए उन्हें निलंबित करने की मांग की। केजरीवाल ने कहा, "नई दिल्ली क्षेत्र में 15 दिसंबर से 7 जनवरी तक वोट रद्द करने के लिए 5,500 फर्जी आवेदन आए हैं। पिछले 22 दिनों में कुल 13,000 आवेदन दर्ज हुए हैं। इनमें शामिल लोगों ने इन आवेदनों को अपना बताया ही नहीं है। यह एक बड़ा घोटाला है।"  उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की अपील की और कहा कि दिल्ली के लोगों को भाजपा के भ्रष्टाचार को उजागर करने की जरूरत है।