पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी भाजपा में शामिल, तलाशे जा रहे सियासी मायने

बहुजन समाज पार्टी से 2009 में जौनपुर से सांसद रहे बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी रविवार को हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद से जौनपुर में अब सियासत गरमा गई है। पूर्वांचल के बाबली नेता धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी तेलंगाना में राजनीति में सक्रिय हैं। धनंजय सिंह ने उनके भाजपा में शामिल होने पर कहा कि उनकी तेलंगाना में खुद की पृष्ठभूमि हैं। इसके साथ ही वह राजनीति में पहले से सक्रिय हैं।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी रविवार को हैदराबाद में भाजपा में शामिल हो गईं। पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष जेपी नड्डा के समक्ष समर्थकों सहित समारोह पूर्वक भगवा दामन थामे जाने के सियासी मायने भी तलाशे जाने लगे हैं। उनके साथ टीडीपी तथा अन्य पार्टी के करीब पांच दर्जन नेता भाजपा में शामिल हुए।
सियासी बहस भी छिड चुकी 
पूर्व सांसद की पत्नी श्रीकला रेड्डी अपने पति धनंजय सिंह और भाजपा के बीच केवल सेतु का काम करेंगी या फिर खुद के लिए नई भूमिका व संभावनाएं तलाशेंगी इसे लेकर सियासी बहस भी छिड चुकी है। 2002 में निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में जौनपुर के रारी विधान सभा से चुनाव जीत कर सियासी सनसनी बने धनंजय सिंह समय के साथ न केवल जिले की राजनीति की मुख्य धुरी बन गये बल्कि बसपा के टिकट पर 2009 में सांसद भी चुने गये। इसके बाद 2007 में भी भाजपा जदयू गठबंधन से विधायक बने। सांसद होने पर अपनी खाली सीट पर पिता राजदेव सिंह को लड़ाया और वह भी विधायक बने। राजनीति में धनंजय सिंह का सफलता के साथ ही विवादों से भी पुराना नाता रहा। पिछले लोकसभा चुनाव (2019) में उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तो खूब लगाई गईं लेकिन वह सच नहीं साबित हुई।
दक्षिण भारत में मजबूत सियासी पृष्ठ भूमि 
जहां तक उनकी पत्नी श्रीकला रेड्डी का सवाल है तो उनकी भी दक्षिण भारत में मजबूत सियासी पृष्ठ भूमि है। उनके पिता तेलंगाना में विधायक रह चुके हैं। वह खुद तेलुगू देशम पार्टी में सक्रिय रहीं। फिलहाल अभी उनका इरादा तेलांगना में ही सक्रिय राजनीति का है। इस बात को स्वयं पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने भी स्वीकार करते हुए कहा कि मजबूत राष्ट्र के लिए भाजपा की मजबूती जरुरी है। पत्नी के इस फैसले पर मेरी शुभकामनाएं भी हैं। धनन्जय सिंह ने स्प्ष्ट कहा कि श्रीकला रेड्डी तेलंगाना में खुद की राजनीति के लिए भाजपा में शामिल हुई हैं। इसके बाद तो कार्यक्षेत्र तो पूरा देश हो सकता है। मुझे लेकर लगाई जाने वाली अटकलें बेमतलब हैं।
श्रीकला रेड्डी निप्पो समूह घराने की बेटी हैं। उनके पिता तेलंगाना के जूरनगर से निर्दलीय विधायक रहे हैं। जूरनगर तेलंगाना के सुयापेट जिले का तीसरा सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र है। धनंजय सिंह ने 2017 में श्रीकला रेड्डी से शादी की थी। उनकी शाही अंदाज में हुई शादी काफी सुर्खियों में रही थी। 
श्रीकला धनंजय की तीसरी पत्नी
'कश्मीर के मुद्दे को अफगानिस्तान की समस्या से जोड़ना ठीक नहीं'
श्रीकला रेड्डी धनंजय की तीसरी पत्नी हैं। इनकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी। इससे पहले धनंजय की शादी डॉ जागृति सिंह से करीब आठ साल पहले हुई थी, किंतु आपसी सहमति न बन पाने के कारण दोनो एक दूसरे से दूर हो गए। विधायक बनने के बाद इनकी पहली शादी डोभी के चांदेपुर की मूल निवासी मीनाक्षी के साथ हुई थी। उनका डेढ़ साल बाद ही निधन हो गया था।

More videos

See All